Agra News: फ्रांसीसी जोड़े ने हिन्दू रीति रिवाजों से की शादी, ताज के साये में सात जन्मों तक साथ निभाने का दिया वचन

Agra News: पंडित ने संस्कृत में वैदिक मंत्रों के बीच सात फेरे कराए। मंत्रो का अंग्रेजी में अनुवाद कर जोड़े को उसका अर्थ बताया।

Report :  Arpana Singh
Update: 2023-12-26 10:55 GMT

Agra News: विदेशी पर्यटकों को हिंदू संस्कृति पसंद आ रही है। मथुरा वृंदावन हो या ताजनगरी आगरा। विदेशी पर्यटक सनातन संस्कृति को अपना रहे है। वृन्दावन में राधे राधे जप रहे हैं तो ताजमहल आकर हिंदू रीति रिवाजों से शादी कर रहे है। ताजमहल के साए में फ्रांसीसी जोड़े ने वैदिक रीति रिवाजों के साथ शादी रचाई। पंडित ने संस्कृत में वैदिक मंत्रों के बीच सात फेरे कराए। मंत्रो का अंग्रेजी में अनुवाद कर जोड़े को उसका अर्थ बताया। सनातन धर्म के अनुरूप अब विदेशी जोड़ा काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने जाएगा।

31 साल के इस्केंडर और 29 साल की बासमा फ्रांस के पेरिस में नौकरी करते हैं। दोनों पूर्व में लव मैरिज कर चुके हैं। बासमा ने अपने वैवाहिक जीवन को यादगार बनाने की इच्छा जताई तो इस्केंडर ने इंटरनेट पर सर्च किया। उन्हें दोबारा शादी के लिए विश्व में सनातन धर्म और आगरा से बेहतर जगह लगी। दोनों भारत भ्रमण पर आए। आगरा में एक निजी होटल संचालक से संपर्क किया। वैदिक रीति रिवाज से शादी करने की इच्छा जाहिर की । इसके बाद होटल संचालक जावेद ने फ्रांसीसी जोड़े को किनारी बाजार से शादी के परिधान शेरवानी, दूल्हे की पगड़ी और दुल्हन की साड़ी व ज्वैलरी की खरीदारी करवाई।



ताजगंज के रहने वाले पंडित सूरज शर्मा ने शादी में पुरोहित बनने की जिम्मेदारी उठाई। मंडप सजाकर अग्नि के सात फेरे दिलाए और अंग्रेजी में सातों वचन दिलवाए। विदेशी दूल्हे ने मांग भरकर पत्नी के गले में मंगलसूत्र पहनाया।जावेद ने बताया कि अतिथियों की इच्छा पर यह आयोजन किया गया। बराती इनके साथ आए वाहन चालक, होटल का स्टाफ और अन्य स्थानीय लोग बने। दोनों ने जमकर नृत्य और फोटोग्राफी करवाई। अब विदेशी जोड़ा सनातन धर्म की रीति के अनुसार गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए काशी जाकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लेगा। इसके पहले भी कई विदेशी पर्यटक ताज के साये में सात फेरे लेकर हिन्दू रीति रिवाज से शादी कर चुके है। विदेशी पर्यटक मानते है कि हिन्दू रीति रिवाज से की गई शादी सात जन्मों तक चलती है और कभी टूटती नहीं। 

Tags:    

Similar News