Agra News: फतेहपुर सीकरी स्मारक में गिरकर महिला पर्यटक की मौत, एक घंटे देर से आई एम्बुलेंस, डीएम ने दिए जांच के आदेश

Agra News: फ्रांस के 20 पर्यटकों का दल दोपहर के वक्त फतेहपुर सिकरी घूमने के लिए आया था। महिला पर्यटक अपने पांच दोस्तों के साथ रेलिंग के सहारे खड़ी होकर फोटो खींच रही थी। तभी अचानक से रेलिंग टूट गई।

Report :  Rahul Singh
Update: 2023-09-21 15:00 GMT

Agra News (Pic:Newstrack)

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में फतेहपुर सीकरी घूमने आई फ्रांस की महिला पर्यटक की हादसे में मौत हो गई। महिला पर्यटक स्मारक में रेलिंग के सहारे फोटो खींच रही थी। तभी रेलिंग टूट गई। महिला पर्यटक ऊपर से नीचे गिर गई। महिला पर्यटक बुरी तरह घायल हो गई। काफी देर तक महिला पर्यटक को इलाज नहीं मिल पाया। बाद में जैसे तैसे महिला पर्यटक को इलाज के लिए एसएन इमरजेंसी ले जाया गया। इलाज के दौरान फ्रांस की 61 वर्षीय महिला पर्यटक एस्मा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फ्रांस के 20 पर्यटकों का दल दोपहर के वक्त फतेहपुर सिकरी घूमने के लिए आया था। महिला पर्यटक अपने पांच दोस्तों के साथ रेलिंग के सहारे खड़ी होकर फोटो खींच रही थी। तभी अचानक से रेलिंग टूट गई।

डीएम ने दिए जांच के आदेश

महिला पर्यटक करीब 9 फ़ीट की ऊंचाई से नीचे गिर गई। ये देख महिला के साथ आये पर्यटकों में हड़कंप मच गया। स्मारक पर तैनात सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुँच गए। आनन फानन में सूचना एम्बुलेंस को दी गई लेकिन एम्बुलेंस करीब एक घण्टे की देरी से मौके पर पहुँची। एंबुलेंस से महिला पर्यटक को जैसे तैसे इमरजेंसी ले जाया गया। जिले के के आला अधिकारी भी इमरजेंसी पहुंच गए। महिला पर्यटक का इलाज शुरू किया गया लेकिन इलाज के दौरान महिला पर्यटक की मौत हो गई। महिला की मौत से जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी का कहना है कि एंबुलेंस इतनी देरी से क्यों पहुंची इस बात की जांच करवाई जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ऐतिहासिक स्मारकों में लगातार हो रहे हादसे  

आगरा भ्रमण पर आने वाले पर्यटकों के साथ लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। फतेहपुर सीकरी में पहले भी कई बार पर्यटक गिरकर चोटिल हो चुके हैं। कई बार इमारत में जर्जर हिस्से टूट कर जमीन पर गिरे हैं। ताजमहल आने वाले पर्यटकों को भी कई बार बंदर और कुत्ते काट चुके हैं। ऐसे में इस हादसे से जिला प्रशासन को बड़ा सबक लेने की जरूरत है। ऐतिहासिक इमारत में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाने की जरूरत है। क्योंकि इस तरह की हादसों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि धूमिल होती है। महिला पर्यटक की मौत के बाद उसके साथियों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Tags:    

Similar News