Agra News: ताजमहल ने ओढ़ी कोहरे की सफेद चादर, दीदार को बेकरार पर्यटक

Agra News: जिले में घने कोहरे ने ताजमहल को गायब कर दिया। ताजमहल अपने स्थान पर ही खड़ा था। लेकिन कुछ दूरी पर जाने के बाद पर्यटक ताजमहल का दीदार नहीं कर पा रहे थे।

Report :  Arpana Singh
Update: 2023-12-24 08:31 GMT

ताजमहल ने ओढ़ी कोहरे की सफेद चादर (न्यूजट्रैक)

Agra News: जिले में घने कोहरे ने ताजमहल को गायब कर दिया। ताजमहल अपने स्थान पर ही खड़ा था। लेकिन कुछ दूरी पर जाने के बाद पर्यटक ताजमहल का दीदार नहीं कर पा रहे थे। क्योंकि पूरे ताजमहल पर घने कोहरे की चादर लिपटी हुई थी। बिल्कुल करीब जाने पर ही ताजमहल के धवल हुस्न का दीदार हो पा रहा था। ताजमहल से दूरी बनाने पर पर्यटकों को केवल कोहरा ही नजर आ रहा था।

शहर में यमुना किनारे सुबह के वक्त कोहरे की बड़ी दीवार खड़ी हो जाती है। पानी की बूंदे ओस बनकर ताजमहल के इर्द गिर जमा हो जाती है। इस वजह से दूर से ताजमहल का दीदार नहीं हो पाता। घने कोहरे की वजह से पर्यटकों को ताजमहल के साथ फोटो खिंचवाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ताजमहल के साथ मनपसंद फोटो खिंचवाने के लिए पर्यटकों को धूप खोलने का इंतजार करना पड़ता है।

घने कोहरे ने थामी यातायात की रफ्तार, बसों-ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित

घने कोहरे की वजह से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। राष्ट्रीय राजमार्गों और यमुना एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे का अच्छा खासा असर नजर आ रहा है। इससे वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। रोडवेज की बसों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है। रोडवेज की बसों में यात्री संख्या भी काफी कम हो गई है। इसके अलावा रेलवे को भी कोहरे की वजह से संचालन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

घने कोहरे की वजह से कई ट्रेने लेट चल रही है। कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से स्टेशनों पर पहुंच रही है। इससे यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। ट्रेनों की चाल बिगड़ने से रेल डिब्बों में यात्रियों की भारी भीड़ नजर आ रही है। स्टेशनों पर भी यात्रियों की भारी भीड़ दिख रही है। जनरल कोच में पैर रखने की जगह नहीं बच रही है। स्लीपर कोच भी यात्रियों की भीड़ से खचाखच भरे हुए नजर आ रहे हैं।

उत्तर मध्य रेलवे के मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि कोहरे की वजह से कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही है। यात्री सुविधा को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों को किसी भी तरह की सुविधा नहीं होने दी जाएगी।

Tags:    

Similar News