Agra News: दहेज की मांग पूरी न होने महिला को घर से निकाला, पति समेत 10 के खिलाफ FIR दर्ज

Agra News: महिला की शिकायत पर पुलिस ने 10 नामजद ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Report :  Arpana Singh
Update: 2024-03-03 09:31 GMT

ट्रांस यमुना थाने का मामला (Newstrack)

Agra News: महिला ने तीन साल में दो बार शादी की लेकिन दहेज के दानवों ने उसकी गृहस्थी दूसरी बार भी उजाड़ दी। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने महिला को घर से बाहर निकाल दिया। परेशान महिला ने पति और ससुर समेत 10 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मामला ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र का है।

पीड़िता ने पति देवकीनंदन, ससुर बालमुकुंद बंसल समेत 10 ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। महिला के मुताबिक उसकी पहली शादी 2019 में हुई थी। शादी के दो साल बाद पहले पति से महिला का तलाक हो गया। इसके बाद 29 मई 2023 को महिला की दूसरी शादी बलदेव मथुरा के रहने वाले देवकीनंदन के साथ हुई। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुरालीजनों ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। कार और 2 लाख की मांग करते हुए उसे भूखा प्यासा रखा जाने लगा।

महिला का आरोप है कि इस दौरान देवर श्याम, नितिन और कन्हैया ने उसके साथ अश्लील हरकत भी की। दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो ससुराली जनों ने 20 दिसंबर 2023 को उसे मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। पति ने धमकी दी है कि अगर दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो वह जहर खाकर अपनी जान दे देगा। महिला की शिकायत पर पुलिस ने 10 नामजद ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

दहेज की मांग पूरी न होने पर पत्नी को दिया तीन तलाक

एक दूसरे मामले में सिकंदरा थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पति और ससुराली जनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने उसे इस तरह मारा पीटा कि उसकी आंख की रोशनी चली गई। उसकी एक आंख खराब हो गई। महिला के मुताबिक उसकी शादी वर्ष 2021 में हरियाणा के रहने वाले सलमान के साथ हुई थी। शादी में परिवार के लोगों ने हैसियत अनुसार दान दहेज भी दिया था, लेकिन पति सलमान और ससुरालीजन दहेज में 1 लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग कर रहे थे। मांग पूरी ना होने पर उसका उत्पीडन किया जा रहा था। दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो पति सलमान ने उसे तीन तलाक दे दिया। कोरे कागज पर उसके हस्ताक्षर करवा लिए। महिला की शिकायत पर सिकंदर थाना पुलिस ने महिला के पति सलमान, सास सनोवर, नंद शाइस्ता समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। 

Tags:    

Similar News