अखिलेश का योगी सरकार पर बड़ा हमला, बोले- महंगाई, बेरोजगारी, कूड़े के ढेर से परेशान जनता निकाय चुनाव में सिखाएगी सबक

UP Politics: अखिलेश ने कहा कि निकाय चुनाव में जनता भाजपा से इन सबका हिसाब लेगी। भाजपा सरकार को महंगाई और जनता को हो रही परेशानियों का जवाब देना होगा।

Update: 2023-04-04 18:29 GMT
Akhilesh Yadav

UP Politics: उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक हमले तेज हो गए हैं। आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में जनता बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, कूड़े के ढेर, गंदगी, बढ़े हाउस टैक्स, वाटर टैक्स और बिजली के बढ़े दामों के खिलाफ वोट देकर भाजपा को हराएगी। जनता शहरों में भाजपा की अव्यवस्था से त्रस्त है। सफाई व्यवस्था न होने से शहरी क्षेत्रों में डेंगू, टाईफाईड समेत तमाम बीमारियों से आम जनता परेशान रही है। इन तमाम दिक्कतों के लिए भाजपा जिम्मेदार है। भाजपा ने स्मार्ट सिटी के नाम पर नगरों की जनता को धोखा दिया है।

बहुजन समाज समाजवादी पार्टी के साथ एकजुट हो रहा है-अखिलेश

अखिलेश ने कहा कि निकाय चुनाव में जनता भाजपा से इन सबका हिसाब लेगी। भाजपा सरकार को महंगाई और जनता को हो रही परेशानियों का जवाब देना होगा। भाजपा दलितों, पिछड़ों के हक और आरक्षण को छीन रही है। बहुजन समाज को अपमानित कर रही है। इस बार बहुजन समाज को भरोसा है कि समाजवादी सबको जोड़कर भाजपा का मुकाबला करेगी और भाजपा को करारी शिकस्त देगी। लोकतंत्र, बाबा साहब के संविधान को बचाने और अपने हक, सम्मान, अधिकार के लिए बहुजन समाज समाजवादी पार्टी के साथ एकजुट हो रहा है।

शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन के क्षेत्र में घोर अव्यवस्था-अखिलेश

सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य लोकतंत्र विरोधी भाजपा को हराना है। अन्य दल तय करें कि उन्हें क्या करना है। भाजपा देश की अर्थव्यवस्था को डुबो रही है। समाज को तोड़ रही है। अर्थव्यवस्था डूब जाएगी तो नौजवानों को काम और नौकरी कैसे मिलेगी? किसानों से गेहूं सस्ता खरीदा गया जबकि लोगों को आटा महंगा मिल रहा है। सरसों का तेल, दूध, गैस, सिलेण्डर सब कुछ महंगा हो गया। शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन के क्षेत्र में घोर अव्यवस्था है। महंगाई का सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग, किसान और गरीब जनता पर पड़ रहा है।

Tags:    

Similar News