UP: सांसदों की बैठक में अखिलेश यादव चुने गए संसदीय दल के नेता, छोड़ेंगे करहल विधानसभा

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की कन्नौज लोकसभा सीट से नवनिर्वाचित सांसद अखिलेश यादव शनिवार को संसदीय दल के नेता चुने गए।

Written By :  Santosh Tiwari
Update: 2024-06-08 10:00 GMT

Akhilesh Yadav, Source- Social Media 

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की कन्नौज लोकसभा सीट से नवनिर्वाचित सांसद अखिलेश यादव संसदीय दल के नेता के रूप में चुने गए हैं। शनिवार को लखनऊ के समाजवादी पार्टी कार्यालय में हुई सांसदों की बैठक में सभी ने सर्वसम्मति से अखिलेश यादव के नाम पर मुहर लगा दी है। जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव अब मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट पर अपनी विधायकी से त्यागपत्र देंगे। 

केंद्र की राजनीति करेंगे अखिलेश यादव 

शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री और नव निर्वाचित सांसद अखिलेश यादव संसदीय दल के नेता चुने गए। 2022 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से चुनकर विधायक बने थे। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में अब कन्नौज से सांसद बनने के बाद उन्हें अपनी विधानसभा सीट छोड़नी पड़ेगी। माना जा रहा है कि अखिलेश अब यूपी की राजनीति छोड़कर केंद्र की राजनीति करेंगे। करहल विधानसभा उपचुनाव में अखिलेश अपने किसी नजदीकी को विधायकी लड़ा सकते हैं। 

इन्हें मिल सकती है जिम्मेदारी 

अखिलेश यादव के करहल से विधानसभा सीट छोड़ने और सेंट्रल की राजनीति की तरफ रुख करने के बाद उत्तर प्रदेश में शिवपाल यादव को समाजवादी पार्टी में नेता प्रतिपक्ष की बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती हैं। जबकि मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से तेज प्रताप यादव को उपचुनाव में उतारा जा सकता है। आपको बताते चलें कि तेज प्रताप यादव मैनपुरी से सांसद भी रह चुके हैं। वह इस बार के लोकसभा चुनाव में डिम्पल यादव के साथ प्रचार में भी प्रमुखता से शामिल रहे हैं।

चुनाव में सपा ने किया शानदार प्रदर्शन 

हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में शानदार प्रदर्शन किया। इण्डिया गठबंधन के सहयोगी दल के रूप में चुनाव लड़ रही सपा ने 36 सांसदों को जिताकर बड़ी जीत हासिल की है। इसके अलावा इण्डिया गठबंधन ने पूरे प्रदेश में कुल 43 सीटें हासिल की हैं।

Tags:    

Similar News