UP Politics: अखिलेश ने साधा निशाना: बीजेपी का जीरों टालरेंस का दावा जीरो,लोकतंत्र के लिए खतरा

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव

Update:2025-08-28 19:17 IST

Lucknow News: Photo-Social Media 

UP Politics: यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को उत्तर प्रदेश के भविष्य का चुनाव बताते हुए कहा कि बीजेपी लोकतंत्र और संविधान के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। लोकतंत्र तभी सुरक्षित रहेगा, जब भाजपा सत्ता से बाहर होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और देश के मूल ढांचे पर हमला कर रही है। ऐसे में प्रदेश की जनता को जागरूक होकर भाजपा की साजिशों से सतर्क रहना होगा।

बीएलए तैनाती और बूथ मजबूती पर जोर

अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर बूथ पर बीएलए की तैनाती सुनिश्चित करें और बीएलए लिस्ट को लगातार अपडेट करते रहें। उन्होंने कहा कि बूथ को मजबूत करना अब पार्टी की प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यकर्ताओं को हर स्तर पर सक्रिय रहना होगा वोट बनवाने से लेकर, वोट बचाने, वोट डलवाने और अंत में वोट गिनवाने तक। उन्होंने कहा कि इन सभी कामों में पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ लगे रहना होगा।

भ्रष्टाचार और अवैध कब्जों पर भाजपा सरकार को घेरा

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज प्रदेश का हर विभाग भ्रष्टाचार में लिप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में अवैध प्लॉटिंग और जमीनों पर कब्जे का कारोबार चरम पर है। गरीबों की जमीनें, तालाब और सरकारी जमीनें भाजपा नेताओं द्वारा कब्जाई जा रही हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। भाजपा का जीरो टॉलरेंस सिर्फ नारेबाजी बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी कानून को ताक पर रखकर लोगों पर अत्याचार कर रहे हैं और जनता को न्याय नहीं मिल रहा है।

बाढ़ से त्रस्त जनता

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दर्जनों जिलों के सैकड़ों गांव बाढ़ की चपेट में हैं और बड़ी संख्या में लोग जीवन संकट से जूझ रहे हैं। बावजूद इसके सरकार की ओर से कोई ठोस मदद नहीं पहुंचाई जा रही है। उन्होंने इसे सरकार की असंवेदनशीलता और विफलता का प्रतीक बताया।

जातीय जनगणना और सामाजिक न्याय की मांग

अखिलेश यादव ने कहा कि आबादी के अनुपात में आरक्षण, जातीय जनगणना और सामाजिक न्याय की सरकार की स्थापना के लिए समाजवादी पार्टी की सत्ता में वापसी जरूरी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सपा सरकार बनने पर सभी वर्गों को न्याय और सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के आने पर किसानों को उनकी फसलों की सही कीमत, नौजवानों को रोजगार और प्रदेश में चौतरफा विकास सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सामाजिक समानता और न्याय आधारित शासन की आवश्यकता पर बल दिया।

Tags:    

Similar News