घर बसने से पहले ही उजाड़ दिया...सास संग फुर्र हुआ दामाद, दुल्हन को लगा सदमा

Aligarh News: मंडराक थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव में रहने वाले जितेंद्र कुमार ने अपनी बेटी षिवानी की शादी छर्रा थाना क्षेत्र में रहने वाले राहुल उर्फ शिवा से तय की थी।;

Update:2025-04-10 15:30 IST
aligarh news

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद में हैरान कर देने वाली घटना घटित हुई। इस घटना के बारे में सुनने के बाद हर कोई यही कह रहा है कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है। मंडराक क्षेत्र के मनोहरपुर गांव में एक युवती की 16 अप्रैल को बारात आनी थी। घर पर विवाह की तैयारियां चल रही थी। युवती अपने भविष्य को लेकर सपने सजा रही थी। लेकिन उसे यह बिल्कुल भी आभास नहीं था कि उसके सपने जल्द ही चकनाचूर होने वाले हैं।

सबसे ज्यादा झटके वाली बात तो युवती के लिए यह है कि उसके खूबसूरत सपनों पर कोई और नहीं उसकी मां ने ही ग्रहण लगा दिया। युवती की शादी से नौ दिन पहले उसकी मां अपने दामाद के साथ फरार हो गयी। दुल्हन बनने के ख्वाब सजा रही युवती अब अस्पताल में भर्ती है। उसके अपनी मां के इस हरकत पर यकीन नहीं हो रहा है। वह बार-बार फूट-फूट कर रोने लगती है और बस यह ही कहती है कि मां ने मेरा दूल्हा छीन लिया। मेरी जिंदगी आबाद होने से पहले ही बर्बाद हो गयी। मेरे लिए मेरी मां अब मर चुकी है। सास और दामाद के फरार हो जाने के बाद दोनों परिवारों में सन्नाटा पसरा हुआ है।

न्याय की गुहार लगा रहे बाप-बेटी

मंडराक थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव में रहने वाले जितेंद्र कुमार ने अपनी बेटी शिवानी की शादी छर्रा थाना क्षेत्र में रहने वाले राहुल उर्फ शिवा से तय की थी। 16 अप्रैल को विवाह होना था। दोनों परिवारों में विवाह की तैयारियां की जा रही थी। वहीं राहुल का दिल सास के लिए धड़कने लगा। वह दोनों घंटों बातचीत करते थे। लेकिन परिवार वालों को जरा भी शक नहीं हुआ।

सभी को यह लगता कि शिवानी की मां अपने दामाद से बात कर रही है। लेकिन घरवालों को सदमा तब लगा जब शादी के नौ दिन पहले राहुल अपनी सास को लेकर फुर्र हो गया। शिवानी की मां अपने साथ बेटी के लिए बनवाये गये गहने और रुपए भी ले गयी। घटना के बाद घरवालों के पैरों तले जमीन ही खिसक गयी। वहीं अपने दूल्हे की इस हरकत से शिवानी सन्न रह गयी। उसके इस कदर झटका लगा कि वह बीमार ही पड़ गयी। उसके अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

मां से दिन भर बात करता था राहुल

शिवानी ने रोते हुए बताया राहुल केवल उससे फॉर्मेलिटी के लिए ही बात करता था। शादी के तीन माह पहले से राहुल और उसकी मां घंटों बातचीत करते थे। मुझसे से केवल कभी-कभार ही बात करता था। लेकिन फिर भी उसे कभी भी इस बात का शक नहीं हुआ कि मां उसके साथ ही धोखा कर रही है। लेकिन जब दोनों घर से फरार हो गये तब उनकी इस हरकत का पता चला।

शिवानी ने कहा कि वह अपनी मां से नफरत करती है। उसकी मां ने बसने वाला घर ही उजाड़ कर रख दिया है। यहीं नहीं मेरे पिता के साथ भी धोखा हुआ है। मां ने राहुल के कहने पर घर के गहने और रुपए भी चोरी कर लिये हैं। घर से उसकी मां 3 लाख 50 हजार रुपये नकद और लगभग पांच लाख के आभूषण अपने साथ ले गयी है। मां से अब कोई मतलब नहीं है। वो जिएं या मरें, कोई फर्क नहीं पड़ता।

Tags:    

Similar News