योगी सरकार पर कांग्रेस का वार, कहा- 'UP में जंगलराज, लोकतंत्र का हुआ चीरहरण'

यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने योगी सरकार पर हमला बोला है, उन्होंने कहा ब्लॉक प्रमुख चुनाव के नामांकन में लोकतंत्र का चीरहरण हुआ है।

Written By :  Rahul Singh Rajpoot
Newstrack :  Network
Update: 2021-07-09 13:29 GMT

प्रेस कॉन्फ्रेंस करते कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी की योगी सरकार पर हमला बोला है। प्रदेश कार्यालय पर प्रेस वार्ता के दौरान अजय कुमार लल्लू ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जंगलराज और गुंडाराज चल रहा है। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में जिस तरह से गुंडागर्दी देखने को मिली वह बेहद ही शर्मनाक है। सीतापुर में महिला के साथ अभद्रता होती रही और पुलिसवाले खड़े होकर तमाशा देखते रहे। उन्होंने चुनाव आयोग से अपील की है ब्लॉक प्रमुख के चुनाव को रद्द कर देना चाहिए और फिर से चुनाव कराना चाहिए।

अजय कुमार लल्लू ने कहा कि हम मुख्यमंत्री जी से पूछना चाहते हैं, जो प्रत्याशी पर्चा भरने जा रहे थे उनके पर्चे छीने गये, जबरन सारे अधिकारी, कर्मचारी लोगों के सामने उनके पर्चे को फाड़ दिया, बम चले, गोली चली, लाठी चली वह यूपी में जंगलराज को दर्शाता है।

Full View

प्रियंका गांधी ने भी बोला हमला

वहीं, यूपी प्रभारी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी योगी सरकार पर हमला बोला है, उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बदतर हो गई है और लोकतंत्र का चीरहरण हो रहा है लेकिन प्रशासन आंख पर पट्टी बांधे हुए है। प्रियंका गांधी ने गुरुवार को ट्वीट किया, "पीएम साहब और सीएम साहब इसके लिए भी बधाई दीजिए कि यूपी में आपके कार्यकर्ताओं ने कितनी जगह बमबाजी, गोलीबारी, पत्थरबाजी की, कितने लोगों का पर्चा लूटा, कितने पत्रकारों को पीटा, कितनी जगह महिलाओं से बदतमीजी की।"उन्होंने कहा, "कानून व्यवस्था की आंख पर पट्टी बांधकर, लोकतंत्र का चीरहरण चल रहा है।"

11 जुलाई को समाजवादी पार्टी का विरोध प्रदर्शन

वहीं उत्तर प्रदेश में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान हुई हिंसा को लेकर बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है, सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है, उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं है, राज्य की जनता बीजेपी को सबक सिखाएगी। अखिलेश यादव ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा है कि वह 11 जुलाई को इसके खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन करें। 

Tags:    

Similar News