Gonda News: 66वीं नेशनल चैम्पियनशिप कुश्ती, महेंद्र सिंह ने किया उद्घाटन, बृजभूषण सिंह को सराहा

Gonda News: जलशक्ति मंत्री ने कहा कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष सांसद बृजभूषण शरण सिंह के प्रयास से ही आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है।

Report :  Tej Pratap Singh
Published By :  Divyanshu Rao
Update: 2021-11-11 16:09 GMT

: 66वीं नेशनल चैम्पियनशिप कुश्ती का उद्घाटन करते महेंद्र सिंह

Gonda News: उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री डा. महेन्द्र सिंह (Jal Shakti avam Badh Niyantran Mantri Dr. Mahendra Singh) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था 'खेलो इंडिया, जीतो इंडिया'। कुश्ती संघ के अध्यक्ष इसे साकार करने की दिशा में पूरे मनोयोग से काम कर रहे हैं। पीएम मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी का प्रयास है कि खेलों में पूरी दुनिया में भारत का डंका बजता रहे और सभी खेल प्रतियोगिताओं में देश को पदक मिले।

वे यहां आजादी का अमृत महोत्सव' और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर जनपद के नवाबगंज क्षेत्र में स्थित नंदिनी नगर महाविद्यालय में 11 से 13 नवंबर तक आयोजित 66वीं पुरुष व 24वीं महिला सीनियर नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप का उद्घाटन के पश्चात कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस नेशनल कुश्ती चैम्पियनशिप के आयोजक भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने जब से संघ के अध्यक्ष का दायित्व संभाला है, तब से चारों ओर विजय ही विजय है। उन्होंने कहा कि पहलवानों को दूध पिलाना रेगिस्तान में फूल खिलाना और टोक्यो से ओलम्पिक पदक ले आना सबके बस की बात नहीं है।

जलशक्ति मंत्री ने कहा कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष सांसद बृजभूषण शरण सिंह के प्रयास से ही आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। उन्होंने बताया कि खेल को बढ़ावा देने के लिए भाजपा सरकार पंचायत स्तर पर खेल मैदान का निर्माण करा रही है। इसके साथ ही गंगा नदी के तटों पर विशाल खेल का मैदान बनवाया जा रहा है। ताकि खेल प्रतिभाओं को भरपूर मौका मिल सके।

66वीं नेशनल चैम्पियनशिप कुश्ती प्रतियोगित की तस्वीर (फोटो:सोशल मीडिया)

खेल प्रतियोगिता के आयोजक भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बताया कि इस सीनियर नेशनल चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और बिहार समेत 29 राज्यों की टीम इस प्रतियोगिता में भाग ले रही है। आरएसपीबी रेल व एसएसपीबी सेना की टीम भी प्रतिभाग करेगी। मुकाबले में 1200 महिला और पुरुष पहलवान प्रतिभाग करेंगे। महिलाओं के फ्री स्टाइल और पुरुषों के ग्रीको रोमन और फ्री स्टाइल शैली के दस भार वर्गाे में खिताबी भिड़न्त होगा। इसके अलावा सैकड़ों कोच आफिशियल और रेफरी भी प्रतियोगिता के संचालन में सहयोग के लिए आए हैं।

भारतीय कुश्ती संघ के सहायक सचिव विनोद तोमर समेत अन्य पदाधिकारियों ने उपस्थित रहकर विभिन्न राज्यों से आए पहलवानों का हौसला बढ़ाया है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रुप में प्रदेश के होमगार्ड एवं सैनिक कल्याण राज्य मंत्री पल्टूराम, राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह, सांसद पुत्र विधायक प्रतीक भूषण सिंह और करन भूषण सिंह, कटरा बाजार के भाजपा विधायक प्रतीक बावन सिंह, तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पाण्डेय, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ला, पूर्व विधायक अरुणवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष गोंडा घनश्याम मिश्रा, बलरामपुर आरती तिवारी, अम्बेडकर नगर साधू वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बृज किशोर, भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, ब्लाक प्रमुख झंझरी आशीष मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह, अजय सिंह, जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र सिंह, साक्षी मलिक, रवि दहिया, गीता फोगाट, निशा दहिया समेत दर्जनों नामी गिरामी पहलवान और हजारों की संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News