Lucknow News: ऑनलाइन जागरुकता अभियान की शुरुआत कर डीजीपी ने दिए साइबर क्राइम से बचने के टिप्स

साइबर अपराध आज सूबे की पुलिस के लिये एक चैलेंजिंग स्थिति में है।

Report :  Sandeep Mishra
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-08-03 13:29 GMT

साइबर क्राइम से बचने का टिप्स देते डीजीपी (फोटो साभार-सोशल मीडिया)

Lucknow News: साइबर अपराध आज सूबे की पुलिस के लिये एक चैलेंजिंग स्थिति में है। अपराध के बढ़ते ग्राफ पर अंकुश लगाने के लिए सूबे के सीएम जितने चिंतित हैं उतने ही गंभीर उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी मुकुल गोयल भी। अपनी इस चिंता की निवारण का रास्ता भी उन्होंने खोज लिया है। अब वह इस साइबर अपराध के प्रति अपने महकमे व आम जनता को जागरूक करने के अभियान में जुट गए हैं। उनके इस अभियान को सही मुकाम पर पहुंचाने के लिये साइबर पीस फाउंडेशन ने भी कमर कस ली है। अब सीएम योगी के नेतृत्व में व डीजीपी मुकुल गोयल के दिशा निर्देशन में उत्तर प्रदेश पुलिस के आला अफसर हर जोन में अपने महकमे व आम जनता को तेजी से बढ़ रहे इस साइबर क्राइम के प्रति जागरूक करेंगे।

मंगलवार को आगरा जोन के पुलिस महकमे के लोगों व आम जनता को इस ऑनलाइन अपराध के प्रति सजग रहने की हरी झंडी खुद डीजीपी ने दिखा दी है। अब साइबर अपराध के प्रति महकमे के लोगों को प्रशिक्षित करने व आम जनता को जागरूक करने का यह महाअभियान आगरा जोन में आज से 62 दिन तक चलेगा।

इस साइबर अपराध जागरुकता अभियान फेस-दो के उद्घाटन मौके पर राजधानी से खुद डीजीपी मुकुल गोयल, आगरा ज़ोन एडीजी राजीव कृष्ण, आईजी रेंज आगरा नवीन अरोरा, साइबर पीस फाउंडेशन के मुख्य पदाधिकारीगण, आगरा जोन के सभी एसएसपी, एसपी समेत जोन के सभी पुलिस अधिकारी व आम जनता के लोग ऑनलाइन उपस्थित रहे।

डीजीपी मुकुल गोयल ने बताया है कि साइबर अपराध के सबसे ज्यादा शिकार समाज के पेंशनर लोग बन रहे हैं। इसमें पुलिस पेंशनरों की संख्या ज्यादा है।उन्होने लोगों से अपील की है कि आप अपने मोबाइल फोन पर किसी को भी अपने बैंक खातों से सम्बंधित कोई भी जानकारी शेयर न करें। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधों के प्रति यह ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम आज से 62 दिन तक शाम चार से पांच बजे के बीच प्रतिदिन चलेगा। आम जनता यू ट्यूब के माध्यम से इस जागरूकता कार्यक्रम से जुड़कर साइबर आपराध के प्रति जागरूक हो सकता है। उन्होंने बताया कि इस ऑनलाइन प्रशिक्षण में साइबर पीस फाउंडेशन के लोग मौजूद रहेंगे।

डीजीपी ने बताया कि साइबर अपराध के प्रति महकमे व आम जानता में जागरूकता न होने के कारण ही अब तक साइबर अपराध के लगभग 50 हजार मामले सामने आ चुके हैं। उनका कहना था कि इस अभियान के माध्यम से महकमे के अधिकारियों व कर्मियों को जागरूक किया जाएगा। ताकि साइबर क्राइम से पीड़ित व्यक्ति थाने जाएं तो उसे यह न सुनना पड़े कि अपनी रिपोर्ट दर्ज करवाने वो साइबर सेल में जाए। उनका कहना है कि भविष्य में सूबे का हर थाना साइबर सेल थाना होगा।

उन्होंने बताया कि सूबे के 18 थाने साइबर क्राइम से सम्बंधित थाने बन चुके हैं।अब तक 826 पुलिस कर्मियों को साइबर अपराध के प्रति प्रशिक्षित किया जा चुका है। उन्होंने बताया साइबर क्राइम हेल्प लाइन नम्बर 155260 है। जिस पर कोई भी साइबर क्राइम पीड़ित अपनी शिकायत किसी समय दर्ज करवा कर पुलिस की हेल्प ले सकता है। उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम की घटनाओं को देखने के लिये एक एडीजी साइबर क्राइम उनके अधीनस्थ पुलिस कप्तानों की टीम तैनात की गई है।

Tags:    

Similar News