Raebareli News: खाकी के नशे में चूर दरोगा ने तानी व्यापारी पर रिवाल्वर, मचा हड़कंप

Raebareli News: वर्दी के नशे में चूर एक दरोगा ने व्यापारी के ऊपर रिवाल्वर तान दी। घटना को देखकर समूचे इलाके में हड़कंप मच गया।

Report :  Narendra Singh
Published By :  Monika
Update: 2021-11-20 10:08 GMT

खाकी के नशे में चूर दरोगा ने तानी व्यापारी पर रिवाल्वर (फोटो : सोशल मीडिया )

Raebareli News: उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग के जिम्मेदार अधिकारी अपने अधीनस्थों को चाहे जितना कानून का पाठ पढ़ाएं लेकिन असर कुछ और ही देखने को मिलता है। एसपी श्लोक कुमार द्वारा क्राइम मीटिंग के जरिये सभी को हिदायत देते हैं कि आम जनता से ठीक तरीके से बर्ताव करें। इसका कितना असर है ये नजारा कल शुक्रवार की रात दिखा।

ताजा मामला रायबरेली के बछरावां (Bachhrawan) कस्बे के सब्जी मंडी इलाके में शुक्रवार की रात का है। जब खाकी वर्दी के नशे में चूर एक दरोगा (Daroga) ने व्यापारी के ऊपर रिवाल्वर तान दी। घटना को देखकर समूचे इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों के बीच बचाव करने और भीड़ जुटने पर दरोगा ने अपनी बाइक स्टार्ट की और चला गया।

इससे व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की, किंतु दरोगा कौन था किस थाने का था अभी तक पता नहीं चल सका है। मामले की सीसीटीवी फुटेज (cctv footage) बगल के एक प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

खाकी के नशे में चूर दरोगा ने तानी व्यापारी पर रिवाल्वर (फोटो : सोशल मीडिया )

दुकानदार से नाराज हो गया दरोगा

सब्जी मंडी निवासी धर्मराज गुप्ता ताला चाबी की दुकान करते हैं। धर्मराज ने बताया कि 15 दिन पूर्व उक्त दरोगा ताला में चाबी लगवाने के लिए आया था। लेकिन हमने कहा कि मैं चाबी नहीं लगाता हूं। इस पर वह नाराज हो गया और चला गया। शुक्रवार को वह पुन: दुकान पर आ गया और उलाहना देते हुए रिवाल्वर तान दिया। जब पहली बार आया था तब सादी वर्दी में था। आज वर्दी में था। 

दरोगा की जानकारी नहीं

थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि जांच की जा रही है। दरोगा कौन है इसकी जानकारी नहीं हो सकी। वहीं इस मामले में एसपी श्लोक कुमार का कहना है कि इसकी जांच करा कर उचित कार्यवाही की जाएगी कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है।

व्यापारियों का कहना है कि अगर हमें इस तरह दबाया जाएगा तो काम करना मुश्किल हो जाएगा। जब व्यापारी कह रहा है कि वह चाभी बनाने का काम नहीं करता है तो उस पर दबाव बनाने का क्या मतलब है।

taja khabar aaj ki uttar pradesh 2021, ताजा खबर आज की उत्तर प्रदेश 2021

Tags:    

Similar News