UP Politics: उठने लगी है कांग्रेस के अंदर प्रियंका को मुख्यमंत्री बनाने की मांग, कार्यकर्ताओं में दिख रहा उत्साह
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की सक्रियता के चलते कांग्रेस सरकार गठन को लेकर उत्साहित है। यही कारण है कि अब पार्टी के अंदर प्रियंका गांधी वाड्रा को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग उठने लगी है।;
UP Politics: पिछले तीन दशकों से उत्तर प्रदेश में सत्ता से दूर कांग्रेस इस बार कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की सक्रियता के चलते सरकार गठन को लेकर उत्साहित है। यही कारण है कि अब पार्टी के अंदर प्रियंका गांधी वाड्रा को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजीव तिवारी ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में प्रियंका ही मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर कांग्रेस से उतरेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगले 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस किसी से भी गठबन्धन नहीं करेगी। कांग्रेस सभी 403 सीटों पर चुनाव लडे़गी।
यहां यह भी बताना जरूरी है कि पिछले दो साल से प्रियंका की देश के अन्य राज्यों की तुलना में सबसे बडे सूबे उत्तर प्रदेश में सक्रियता काफी बढ़ी है। वह इस प्रदेश के लगातार दौरे करने के साथ ही योगी सरकार के खिलाफ अपनी टिप्पणी भी करती रहती है।
बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करती हैं प्रियंका
प्रियंका गांधी इसके साथ उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति व बूथ प्रबंधन के साथ कांग्रेस संगठन को तैयार करने में अपनी बडी भूमिका निभा रही हैं। वह बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करती हैं। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधान सभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी अब पूरे एक्शन में आ गई हैं और राज्य में पार्टी को मजबूत बनाने में जुट गई हैं।
प्रियंका का पूरा फोकस यूपी पर: फोटो- सोशल मीडिया
हाल ही में उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के नतीजे के बाद पहली बार लखनऊ आईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया। गांधी प्रतिमा पर घंटों इंतजार कर रहे कार्यकर्तओ का जोश उस समय चरम पर पहुच गया जब वह राजभवन की तरफ से गांधी प्रतिमा पहुचीं। इसके बाद अचानक वह गांधी प्रतिमा पर धरने पर बैठी।
प्रियंका का पूरा फोकस यूपी पर
प्रियंका की 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद से सक्रियता और बढ़ गयी है। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव हो अथवा 2019 का लोकसभा चुनाव रहा हो, कांग्रेस को फिर से जीवित करने के लिए लगातार मेहनत करने का काम किया है। उनका पूरा फोकस यूपी पर ही रहता है। उनके सामने यूपी में चुनौतियों का अंबार है बावजूद इसके वह इन चुनौतियों का लगातार सामना कर रही हैं। उनके इसी उत्साह और लगन को देखते हुए अब उत्तर प्रदेश के निराश हताश कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह दिखने लगा है।