UP Politics: AAP को है विश्वास, '2022 लेकर आएगा प्रदेश में परिवर्तन, लागू होगा केजरीवाल माॅडल'

UP Politics: आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि 2022 प्रदेश में परिवर्तन लेकर आएगा।

Report :  Shashwat Mishra
Published By :  Dharmendra Singh
Update: 2021-07-28 19:36 GMT

एक प्रेस कांफ्रेस के दौरान आम आदमी पार्टी के यूपी अध्यक्ष सभाजीत सिंह (फाइल फोटो: सोशल मीडिया)

UP Politics: आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि 2022 प्रदेश में परिवर्तन लेकर आएगा। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेश में उठ चुकी बदलाव की बयार को बवंडर में तब्‍दील करने का काम करेंगे। तेजी से बढ़ता जा रहा आम आदमी पार्टी का परिवार आसन्‍न विधानसभा चुनाव में सुखद बदलाव का संकेत दे रहा है। प्रदेश में चल रही भाजपा की तानाशाही सरकार की विदाई पक्‍की है और प्रदेश में केजरीवाल मॉडल सत्‍ता में लागू होने जा रहा है। बीएस फोर पार्टी से आए नेताओं को पार्टी की सदस्‍यता दिलाने के बाद नए साथियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने ये बातें कही।

सभाजीत सिंह ने कहा कि आज प्रदेश की जनता बेहतर शिक्षा एवं स्‍वास्‍थ्‍य के लिए दिल्‍ली का केजरीवाल मॉडल चाह रही है। उन्होंने कहा कि इसीलिए तेजी से प्रदेश पार्टी का जनाधार बढ़ रहा है। आज यूपी की जनता प्रदेश में आम आदमी पार्टी को ही असली विपक्ष के रूप में देख रही है।

इन लोगों ने ग्रहण की सदस्यता

सुभाष चंद्र सैनी के नेतृत्व में बीएस-फोर के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बुधवार को आम आदमी पार्टी की रीति-नीति से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सुभाष चन्द्र सोनी ने कहा कि आदमी पार्टी की सदस्यता लेते हुए हमें बहुत गर्व महसूस हो रहा है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार में जो केजरीवाल मॉडल प्रस्तुत किया है, वह पूरे देश में नजीर है। आप के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह लगातार यहाँ की समस्याओं को प्रदेश और देश में उठा रहे हैं। योगी सरकार के तमाम घपलों-घोटालों का आम आदमी पार्टी ने खुलासा किया है। जनता के लिए पार्टी लगातार सड़क पर संघर्ष कर रही है।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी के छात्र विंग अध्यक्ष वंशराज दुबे, प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान लतीफ ने बीएस-फोर से आए इन लोगों का पार्टी की तरफ से स्वागत किया। सदस्यता कार्यक्रम में मुख्य रूप से सचिव डॉ. तरुण प्रताप सिंह, शोहरत अली, डॉ. संदीप शुक्ल, अजीत श्रीवास्तव, रविंद्र परिहार आदि मौजूद रहे।
आम आदमी पार्टी की सदस्यता लेने वालों में प्रमुख रूप से बछरावां रायबरेली सुभाष चंद्र सोनी 'मोनू', लालूपुर, हरचंदपुर के हरिकरण पासी, शीतलादीन, दिलीप गौतम, भाई जान, मन्ना पासी, रामसनेही त्यागी आदि शामिल रहे। इसके अलावा लखीमपुर खीरी के आकाश कुमार और लखनऊ के नितिन कुमार गुप्ता ने भी आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।


Tags:    

Similar News