Ram Mandir: अयोध्या में बनेगा अरूणाचल प्रदेश भवन, रामलला के दर्शन कर बोले सीेएम पेमा खांडू

Ram Mandir: आज अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने अपनी पूरी कैबिनेट के साथ अयोध्या में भगवान रामलला के दर्शन किए।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2024-02-06 03:04 GMT

Arunachal CM Pema Khandu  (photo: social media )

Ram Mandir: प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण कार्य जारी है। 22 जनवरी को इसमें रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। इस मौके पर आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत विभिन्न क्षेत्रों के तमाम गणमान्य नागरिक शामिल हुए थे। मंदिर के उद्घाटन के बाद से अयोध्या में रामभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। आज यानी मंगलवार 6 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू भी अपनी पूरी कैबिनेट के साथ रामनगरी पहुंचे। सभी ने रामलला के दर्शन किए। 

दर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए अरूणाचल सीएम ने कहा, हम यहां आकर धन्य और भावुक महसूस कर रहे हैं। यह हमारे लिए एक ऐतिहासिक दिन है। इस दिन मैं उन सभी को याद करता हूं जिन्होंने राम मंदिर के लिए संघर्ष किया और अपना जीवन बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा कि 500 साल बाद भगवान रामलला अपने मंदिर में विराजमान हुए हैं, देश में रामराजय आ गया है। सीएम खांडू ने आगे कहा कि अयोध्या में अरूणाचल प्रदेश का प्रतीक चिह्न बनाएंगे, यहां अरूणाचल प्रदेश भवन भी बनेगा, इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खत लिखा गया है। 

जानकारी के मुताबिक, अरूणाचल सीएम पेमा खांडू अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ सुबह राजधानी ईटानगर से एक विशेष विमान से अयोध्या के लिए रवाना हुए। उनका विमान अयोध्या स्थित महर्षि वाल्मिकी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर करीब 11 बजे लैंड किया। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री खांडू को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद भाजपा नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। उनके स्वागत में सांस्कृतिक मंच के कलाकारों ने नृत्य भी पेश किया। 

मंदिर प्रस्थान करने से पहले मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा, "आज हम लोग रामलला के दर्शन करने यहां आए हुए हैं और ये हमारे लिए बहुत ही अच्छा अवसर है। अरुणाचल प्रदेश से कुल 70 लोग आए हुए हैं। हम एयरपोर्ट से रामलला के दर्शन करने के लिए रवाना हो रहे हैं।" 

1 फरवरी को योगी कैबिनेट के जाने का भी था प्रोग्राम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों घोषणा की थी कि गुरुवार एक फरवरी को वह अपनी पूरी कैबिनेट के साथ अयोध्या पहुंचेंगे और प्रभु श्री रामलला के दर्शन करेंगे। जिला प्रशासन इसको लेकर तैयारियों में भी जुट गया था। लेकिन अयोध्या भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया। अब नए सिरे से कार्यक्रम बनाया जाएगा।

इसी प्रकार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बीते बुधवार को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा अपनी पूरी कैबिनेट के साथ रामलला के दर्शन करने अयोध्या आने वाले थे लेकिन श्रद्धालुओं की उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए उन्होंने भी दर्शन का कार्यक्रम फिलहाल टाल दिया। अयोध्या डीएम नितीश कुमार ने बताया कि एक सप्ताह तक यहां पहुंचने वाली भीड़ का आकलन कर उनके सुगम दर्शन की व्यवस्था को परखा जाएगा। इसी के आधार पर वीवीआईपी आगमन की तिथी तय की जाएगी।

बता दें कि अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद रोज लाखों लोग रामलला के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। पहले सप्ताह स्थिति ऐसी हो गई थी कि यूपी के अन्य जिलों से अयोध्या आने वाली बसों को रोकना पड़ा था। देश के कोने-कोने से अयोध्या के लिए नई ट्रेनें शुरू की जा रही हैं, जिससे यहां पहुंचने वाले लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।

Tags:    

Similar News