Ayodhya: 'हर घर में चुटकी भर राशन' से अद्भुत सेवा, राम मंदिर कारीगरों को मिल रहा पेट भर भोजन

Ayodhya News: भोजनालय में केवल उन्हीं की सेवा लगाई जाती है जो नामधारी हैं और सभी व्यसन से मुक्त हैं। इस समय बाबा जय गुरुदेव के इस जत्थे का भोजनालय कारसेवकपुरम में चल रहा है।

Update: 2024-01-09 13:38 GMT

अयोध्या राम मंदिर (Social Media) 

Ayodhya News: अयोध्या में चुटकी-चुटकी भर राशन जुटाकर हर रोज हजारों लोगों का पेट भरना हंसी का खेल नहीं है। बावजूद बाबा जय गुरुदेव का जत्था अपने आध्यात्मिक गुरु उमाकांत जी महाराज की प्रेरणा से इस काम को खेल-खेल में कर रहा है।

जब सभी लोग श्रीराम जन्मभूमि मंदिर (Shri Ram Janmabhoomi Temple) के लिए कुछ न कुछ समर्पित कर रहे थे। तब उमाकांत जी महाराज ने संकल्प लिया था कि, जब तक मंदिर का निर्माण चलेगा तब तक बाबा जय गुरुदेव का जत्था सभी को भोजन, जलपान कराएगा।

मंदिर निर्माण में लगे श्रमिकों को देते रहे हैं भोजन

मंदिर निर्माण में लगे श्रमिकों और कार्यशाला में पत्थर तराशने वालों को प्रारम्भ से ही भोजन इसी जत्थे के द्वारा पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा दोनों समय जल-पान की भी व्यवस्था है। इसके साथ ही सुरक्षा में लगे वर्दीधारियों और अयोध्या धाम के भिखारियों को भी भोजन दिया जाता है। बड़े वाहन के अलावा साईकिल पर डिब्बे रखकर खाना, चाय-कॉफी आदि पहुँचाई जाती है। चौराहे-चौराहे मिलते, पुलिस वालों को भी सेवा दी जाती है।


'हर घर में चुटकी भर राशन' के तहत मिलता है भोजन

उल्लेखनीय है कि, यह सारा इंतजाम 'हर घर में चुटकी भर राशन' योजना के तहत होता है। लोग दक्षिणा भी देते हैं। बाबा जय गुरुदेव से जुड़े परिवारों में दोनों समय भोजन पकाने से पहले चुटकी-चुटकी भर राशन, आटा, दाल, चावल आदि अलग-अलग पात्र में इकट्ठा किया जाता है। साथ ही तेल, ईंधन आदि जुटाने में साथ में मिलने वाली दक्षिणा काम में आती है।

भोजनालय में ये हो सकते हैं सेवादार

उल्लेखनीय है कि, भोजनालय में केवल उन्हीं की सेवा लगाई जाती है जो नामधारी हैं और सभी व्यसन से मुक्त हैं। इस समय बाबा जय गुरुदेव के इस जत्थे का भोजनालय कारसेवकपुरम में चल रहा है। यही से मंदिर निर्माण श्रमिकों और न्यास कार्यशाला में कार्य करने वालों को भोजन, जलपान आदि की आपूर्ति की जाती है। व्यवस्था में 45 लोग लगे हैं। इस समय सेवा में लगी टीम में जगदीश पटेल, पातीराम,आयुष अग्निहोत्री शोभा राम, जग्गू राम आर्य आदि शामिल है। 

Tags:    

Similar News