Ram Mandir Pass: रामलला दर्शन के लिए रोजाना मिलेंगे पास, चुनाव नतीजे के बाद प्रशासन का फैसला

Ayodhya News: लोकसभा चुनाव में हार के बाद अयोध्या में नागरिकों को सहूलियत की तैयारी की गई है। प्रसाशन ने मंदिर दर्शन के लिए पास बढ़ाने और शहर में वाहन ले जाने की अनुमति दे दी है।

Newstrack :  Network
Update: 2024-06-27 06:29 GMT

रामलला। (Pic: Social Media)

Ayodhya News: फैजाबाद सीट पर लोकसभा चुनावों में भाजपा प्रत्याशी को मिली हार के बाद भाजपा सरकार संत महात्माओं को खुश करने के लिए नए तरीके निकाल रही है। अयोध्यावासियों के लिए नई योजनाएं लाने की पहल हो रही है। प्रशासन ने संत महात्माओं को रोज रामलला के दर्शन करने के लिए विशेष पास जारी करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही अयोध्या के निवासियों को वाहन प्रवेश की सुविधा दी जा रही है। भूमि अधिग्रहण के डर में पल रहे अयोध्यावासियों को राहत देने के लिए एयरो सिटी परियोजना को अस्थाई रूप से स्थगित कर दिया गया है। विस्थापितों व्यापारियों के को जल्द ही सस्ती दुकानें आवंटित करने की भी योजना है। 

शहर में ले जा सकेंगे वाहन

रामपथ पर टेढ़ी बाजार से मंगेशकर चौक तक वाहन को आने जाने से चार महीने के लिए रोकने का फैसला लिया गया था। इससे आम जन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। चुनाव के नतीजे आने के बाद ये रास्त खोल दिया गया है। टेढ़ी बाजार चौराहे से वशिष्ठ कुंड मार्ग पर बने दो वैरियर पर भी अब कोई चेकिंग नहीं होगी। अब लोग वहां बिना किसी रोक के वाहन को ले जा सकते हैं। ये रास्ता राम मंदिर के पीछे से होकर गुजरता है।

एयरो सिटी परियोजना पर रोक

एयरो सिटी योजना के अंतर्गत 150 एकड़ में परियोजना को बनाने का ऐलान किया गया था। अयोघ्या की सरहद पर मौजूद दर्शननगर और मसौधा इलाके में इसका निर्माण होना था। इसके लिए सर्वे का काम भी शुरु कर दिया गया था। जिसके बाद लोगों को इस बात की आशंका थी कि उनकी जमीन भी प्रशासन की जद में आ जाएगी। इन क्षेत्रों के लोगों ने इस परियोजना का विरोध किया। लोग आंदोलनरत रहे। मामले में डीएम को ज्ञापन भी सौंपा गया था। जिसके बाद चुनाव के पहले जमीन का सर्वे रोक दिया गया था। मगर परिणाम के बाद अब अयोध्या विकास प्राधिकरण ने अपनी बोर्ड बैठक में इसे रोकने का फैसला लिया है। प्राधिकरण बोर्ड के सदस्य कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि इस परियोजना को एडीए बोर्ड का अनुमोदन नहीं था, इसलिए इसे फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। अब जहां गैर आबादी की जमीन मिलेगी वहीं आपसी सहमति से इसका निर्माण शुरू होगा। इससे जमीन अधिग्रहण से डरे लोगों को राहत मिली है। हालांकि ये परियोजना निरस्त नहीं की गई है। 

दर्शन पास की बढ़ाई गई संख्या

राम मंदिर में भीड़ की वजह से लोगों को दर्शन करने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर लोग नाराज थे। जिसके बाद अब राम मंदिर ट्रस्ट ने रामलला के दर्शन पास की संख्या बढ़ा दी है। पहले 150 सुलभ पास ऑनलाइन व 150 पास ऑफलाइन हर स्लॉट में मंदिर ट्रस्ट की संस्तुति पर बनते थे। मगर बदली हुई व्यवस्था के मुताबिक ऑनलाइन पास तो पहले की तरह 150 ही जारी होंगे, लेकिन ऑफलाइन रेफरल पास की संख्या हर स्लॉट में बढ़ाकर 400 कर दी गई है। अब ज्यादा संख्या में लोग दर्शन कर सकेंगे। ये ऑफलाइन पास स्थानीय साधु-संत मंदिर ट्रस्ट के अयोध्या कार्यालय से ले सकेंगे।

Tags:    

Similar News