Ayodhya Ram Mandir: रामलला की दर्शन अवधि और आरती के समय में बदलाव

Ayodhya Ram Mandir: शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही रामनगरी अयोध्या में रामलला के दर्शन अवधि में बदलाव हो जाएगा। तीन अक्टूबर से श्रद्धालु अयोध्या राम मंदिर में प्रातःकाल सात बजे से रामलला के दर्शन कर सकेंगे।

Update:2024-10-02 17:38 IST

रामलला की दर्शन अवधि और आरती के समय में बदलाव (सोशल मीडिया)

Ayodhya Ram Mandir: पितृ विसर्जन के अगले दिन तीन अक्टूबर (गुरूवार) से शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ हो रहा है। नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की विधिवत आराधना की जाएगी। शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही रामनगरी अयोध्या में रामलला के दर्शन अवधि में बदलाव हो जाएगा।

तीन अक्टूबर से श्रद्धालु अयोध्या राम मंदिर में प्रातःकाल सात बजे से रामलला के दर्शन कर सकेंगे। श्रद्धालुओं को राम मंदिर में रात्रि नौ बजे तक ही प्रवेश मिल सकेगा। यहीं नहीं रामलला की आरती के समय में भी बदलाव किया गया है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर में रामलला के दर्शन और आरती की नई समय सारणी जारी कर दी है। 

राम मंदिर के ट्रस्टी डॉ़ अनिल मिश्र ने नई समय सारणी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अब शरद ऋतु की शुरूआत हो रही है। ऐसे में अब रामलला की दर्शन अवधि और आरती में भी बदलाव किया जा रहा है। रामलला की अब मंगला आरती प्रातःकाल 04.30 बजे होगी। पहले यह आरती प्रातःकाल चार बजे होती थी। वहीं रामलला की श्रृंगार आरती में भी बदलाव किया गया है। श्रृंगार आरती अब प्रातःकाल छह बजे के स्थान पर 06.30 बजे होगी।

इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए राम मंदिर में रामलला के दर्शन के लिए प्रवेश के समय में भी संशोधन किया गया है। अब श्रद्धालुओं को राम मंदिर में प्रातःकाल 06.30 बजे की जगह सात बजे प्रवेश मिलेगा। इसी तरह अब रामलला को दोपहर बारह बजे भोग अर्पित किया जाएगा। रामलला की दोपहर की आरती (भोग आरती) अब अपरान्ह 12.15 बजे होगी। इसके बार अपरान्ह 12.30 बजे से लेकर 01.30 बजे तक मंदिर के कपाट बंद रहेंगे। 

वहीं मंदिर के कपाट दोबारा 01.30 बजे के बाद खुलेंगे। राम मंदिर में रामलला की संध्या आरती के सयम में बदलाव नहीं हुआ है। संध्या आरती सायं सात बजे ही होगी। इसके बाद मंदिर में श्रद्धालुओं को रात नौ बजे तक दर्शन के लिए प्रवेश मिल सकेगा। रात्रि 9ः30 बजे के बाद रामलला की शयन आरती कर मंदिर के कपाट बंद कर दिये जायेंगे।  

Tags:    

Similar News