Ayodhya News: सामाजिक समरसता यात्रा निकालेगी विश्व हिन्दू परिषद, दलित युवाओं को हुनरमंद बनाएगी विहिप

Ayodhya News: सामाजिक समरसता अभियान के सह प्रान्त प्रमुख धर्मेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि अवध प्रान्त में 01 जनवरी से 07 जनवरी तक समरसता यात्री निकाली जायेगी।

Newstrack :  Network
Update:2024-09-22 18:25 IST

सामाजिक समरसता यात्रा निकालेगी विश्व हिन्दू परिषद, दलित युवाओं को हुनरमंद बनाएगी विहिप: Photo- Newstrack

Ayodhya News: छुआछूत शास्त्र आधारित नहीं है। हम सब हिन्दू आपस में भाई- भाई हैं। समरस समाज समर्थ भारत ऐसा संदेश लेकर जनवरी माह में विश्व हिन्दू परिषद सामाजिक समरसता अभियान की ओर से सामाजिक समरसता यात्रा निकाली जायेगी। इस दौरान सेवा बस्तियों में समरसता संगोष्ठी, समरसता महायज्ञ व संतों की पदयात्राएं होंगी। यह जानकारी विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय मंत्री व सामाजिक समरसता अभियान के अखिल भारतीय प्रमुख देवजी भाई रावत ने दी।

सेवा बस्तियों में हिन्दू परिवार मित्र बनायेगी विहिप

देवजी भाई रावत ने बताया कि समरसता यात्रा के दौरान अस्पृश्यता मुक्त् भारत व समरसता युक्त भारत बनाने के लिए गांवों में आम जनता से संकल्प कराया जायेगा। प्रत्येक जिले में बेरोजगार युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए ट्रेनिंग सेन्टर प्रारम्भकर दलित युवाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाया जायेगा। आने वाले समय में अनुसूचित जाति व जनजाति छात्रावासों में पढ़ने वाले बच्चों से सम्पर्क व सहयोग की योजना बनाई गयी है। इसके अलावा प्रत्येक जिले में विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता सेवा बस्ती के एक- एक परिवार को गोद लेकर हिन्दू परिवार मित्र बनायेंगे।


दलित युवाओं को हुनरमंद बनायेगी विहिप

सामाजिक समरसता अभियान के सह प्रान्त प्रमुख धर्मेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि अवध प्रान्त में 01 जनवरी से 07 जनवरी तक समरसता यात्री निकाली जायेगी। धर्मेन्द्र ने बताया कि सामाजिक विषमता व छुआछूत के कलंक को मिटाने के लिए अवध प्रान्त के सभी जिलों में 10- 12 विविध स्तर पर विविध समाज के लोगों की समरसता टोली का गठन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि अभ्यास वर्ग में अवध प्रान्त के 25 जिलों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आगामी वाल्मीकि जयंती, राम खिचड़ी सहभोज व समरसता यात्रा के माध्यम से समाज में जन जागरण करने की योजना बनाई गयी।

दो दिवसीए अभ्यास वर्ग को विश्व हिन्दू परिषद के उपाध्यक्ष चंपत राय, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के व्यवस्थापक गोपाल जी, संत निराला दास महाराज, समरसता अभियान अवध व गोरक्ष के प्रमुख मुकेश ने संबोधित किया। इस मौके पर प्रान्त प्रमुख गोविन्द शाह,प्रान्त सह प्रमुख राज कुमार सोनी,भगवती सिंह,अमरेन्द्र व पारसनाथ प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दू जीवन श्रेष्ठ लेकिन व्यवहार में अंतर: चंपत राय

वहीं हिन्दू परिषद के उपाध्यक्ष व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने कहा कि हिन्दू जीवनमूल्य श्रेष्ठ है लेकिन व्यवहार में अंतर आया है। विश्व हिन्दू परिषद भेदभाव व छुआछूत की बुराई को समाप्त करने के लिए गत 60 वर्षों से काम कर रही है। वह कारसेवकपुरम अयोध्या में चल रहे विहिप के सामाजिक समरसता अभियान के दो दिवसीए अभ्यास वर्ग में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।


चंपत राय ने कहा कि छुआछूत 56 पी​ढ़ियों का रोग है। हमारे समाज में 1400 वर्षों से विद्यमान है। अस्पृश्यता हिन्दू समाज में क्रोनिक बीमारी की तरह है। जो धीरे—धीरे शुरू होती है और लम्बे समय तक रहती है। रोज दवाई लेते रहने से बीमारी दूर होती है। इसलिए हमें भी अस्पृश्यता रूपी बीमारी को दूर करने के लिए प्रयास करना होगा। इससे ही हिन्दू समाज समरस सक्षम व भारत समर्थ बनेगा।

विहिप उपाध्यक्ष ने कहा कि हम हीं डाक्टर हैं। इसलिए हमें ही इस समस्या को हल करने के लिए प्रयास करने होंगे। हम एक हैं। व्यवहार से ही हिन्दू समाज में समरसता लाना होगा। भारत के लिए समरसता प्राणवायु की तरह है। छठी शताब्दी से पूर्व छुआछूत नहीं थी। इस समस्या को समाप्त करने के लिए हमें समाज के सभी वर्गों के साथ सुख—दुख में शामिल होकर पारिवारिक मित्र बनाना चाहिए। हमें महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास और बाबा साहब आम्बेडकर की जयंती समारोह को मनाना होगा।

Tags:    

Similar News