Ayodhya Ram Mandir: रामलला की मूर्ति पर आज लगेगी अंतिम मुहर, वोटिंग के जरिए होगा फैसला

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या के भव्य मंदिर के गर्भगृह में स्थापित की जाने वाली भगवान रामलला की मूर्ति को लेकर फैसला किया जाएगा। बताया जा रहा है कि बैठक में आज वोटिंग होगी।

Update: 2023-12-29 07:17 GMT

राम मंदिर में मूर्ति के चयन को लेकर आज होगी वोटिंग (सोशल मीडिया)

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में जनवरी माह में श्रीराम मंदिर के गर्भगृह में रामलला का प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन होगा। समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी तैयारियां चरम पर चल रही है। इससे पूर्व शुक्रवार को अयोध्या के भव्य मंदिर के गर्भगृह में स्थापित की जाने वाली भगवान रामलला की मूर्ति को लेकर फैसला किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि राम मंदिर निर्माण और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने वाले ट्रस्ट श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की बैठक में आज वोटिंग होगी। इस दौरान मूर्तिकारों द्वारा बनायी गयी रामलला की तीन मूर्तियों को मेज पर रखा जाएगा। इसके बाद मूर्ति के चयन को लेकर मतदान किया जाएगा। जिस मूर्ति को सबसे ज्यादा वोट मिलेंगे। उसे ही 22 जनवरी को मंदिर के गर्भगृह में अभिषेक के समय स्थापित किया जाएगा।

30 फीट की दूरी से भक्त कर सकेंगे रामलला के दर्शन

ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने बताया था कि प्रभु श्रीराम की पांच साल पुरानी रामलला को प्रतिबिंबित करने वाली 51 इंच ऊंची मूर्ति को तीन डिजाइनों में से चुना जाएगा। जिसमें सबसे अधिक दिव्यता नजर आयेगी, उसका चयन किया जाएगा। भगवान श्रीराम कमल द पर सवार होंगे और उनके हाथ में तीर और धनुष होगा। उनके माथे पर मुकुट होगा। भक्त 30 फीट की दूरी से रामलला के दर्षन कर सकेंगे।

4 दिन तक चलेगा कार्यक्रम

16 जनवरी को मंदिर ट्रस्ट द्वारा नियुक्त यजमान प्रायश्चित समारोह का संचालन करेंगे। सरयू नदी के तट पर ’दशविध’ स्नान, विष्णु पूजा और गायों को प्रसाद दिया जाएगा। इसके बाद 17 जनवरी को भगवान श्रीराम की बाल स्वरूप (राम लला) की मूर्ति लेकर एक जुलूस अयोध्या जनपद पहुंचेगा। मंगल कलश में सरयू जल लेकर श्रद्धालु राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचेंगे। 18 जनवरी को गणेश अंबिका पूजा, वरुण पूजा, मातृका पूजा, ब्राह्मण वरण और वास्तु पूजा के साथ औपचारिक अनुष्ठान शुरू होंगे। 19 जनवरी को पवित्र अग्नि जलाई जाएगी, इसके बाद ’नवग्रह’ की स्थापना और ’हवन’ किया जाएगा।

Tags:    

Similar News