Azamgarh News : सम्पूर्ण समाधान दिवस पर तहसील सदर पहुंचे मण्डलायुक्त और डीआईजी, सुनी समस्याएं

Azamgarh News : मण्डलायुक्त मनीष चौहान और डीआईजी वैभव कृष्ण ने शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस पर तहसील सदर में आमजन की समस्याओं को सुना।

Report :  Shravan Kumar
Update:2024-07-06 20:04 IST

Azamgarh News : मण्डलायुक्त मनीष चौहान और डीआईजी वैभव कृष्ण ने शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस पर तहसील सदर में आमजन की समस्याओं को सुना। मण्डलायुक्त ने आमजन से प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों को सम्बन्धित अधिकारियों को हस्तान्तरित करते हुए निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के अन्दर गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण की समीक्षा शासन स्तर पर नियमित रूप से होती है, इसलिए इसके प्रति पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता बरती जाए तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय, ताकि शिकायतकर्ता को पुनः उसी शिकायत को लेकर आने की जरूरत न पड़े।

मण्डलायुक्त ने कहा कि जिन प्रकरणों का निस्तारण पक्षकारों की आपसी सहमति से होने योग्य है, ऐसे प्रकरणों को लेखपाल आदि के माध्यम से मौके पर ही निस्तारित कराया जाए जाकि शिकायतकर्ता तहसील, जिला मुख्यालय तक भाग दौड़ करने से बच सकें। जिन मामलों का निस्तारण राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम के माध्यम से कराया जाना है, उसमें तिथि निर्धारित करते हुए तत्परता से कार्यवाही कराई जाए। इस अवसर पर अधिकारियों के समक्ष आमजन द्वारा अपनी समस्याओं से सम्बन्धित कुल 180 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिसमें राजस्व से सम्बन्धित 145, पुलिस के 26, विकास के 3 तथा अन्य विभागों से सम्बन्धित 6 प्रार्थना पत्र सम्मिलित थे। प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों में राजस्व विभाग से सम्बन्धित 10 मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ, जबकि शेष प्रार्थना-पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्दर अनिवार्य रूप से निस्तारित किए जाने के निर्देश के साथ हस्तान्तरित किया गया।

प्रार्थना पत्रों पर त्वरित सुनवाई हो

डीआईजी वैभव कृष्ण ने पुलिस विभाग से सम्बन्धित प्रार्थना-पत्रों की सुनवाई की। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना-पत्रों के निस्तारण हेतु त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि संयुक्त टीम के माध्यम से निस्तारित किए जाने वाले प्रकरणों में समय से पुलिस बल उपलब्ध कराया जाय, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, सीओ गौरव शर्मा, तहसीलदार सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


एक पेड़ अवश्य मां के नाम लगाएं

तहसील लालगंज में उप जिलाधिकारी लालगंज सुरेंद्र नारायण त्रिपाठी की अध्यक्षता में कुल 39 वाद प्रस्तुत हुए, जिसमें तीन का निस्तारण किया गया। उपजिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के सभी प्रार्थना पत्र संबंधित विभाग के अधिकारी समय समयबद्ध तरीके से उसका निस्तारण कराएं। इस दौरान उप जिलाधिकारी लालगंज सुरेंद्र नारायण त्रिपाठी व तहसीलदार लालगंज शैलेश कुमार ने संयुक्त रूप से सभी पत्रकारों या अन्य लोगों को हरा पौधा वितरित किया। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम से अवश्य लगाये और उसकी सुरक्षा भी करें।पेड़ से हमें फल फूल छाया मिलती है। पेड़ से पर्यावरण शुद्ध होता है। इस अवसर पर तहसीलदार लालगंज शैलेश कुमार, क्षेत्रीय वन अधिकारी निलेश, सीडीपीओ लालगंज रामनिवास सिंह, नायब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार, कपिलजल पांडेय, पूर्ति निरीक्षक लालगंज संतोष कुमार , क्राइम इंस्पेक्टर रुद्रभान पांडेय, वनदरोगा रवि यादव आदि लोग उपस्थित थे।

Tags:    

Similar News