Bahraich News: अलग-अलग कारणों से महिला समेत दो की मौत, हत्या का लगाया आरोप

Bahraich News: क्षुब्ध महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने जानकारी होने पर मृतक महिला को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में महिला की मौत हो गई।

Update: 2024-08-11 11:32 GMT

अलग-अलग कारणों से महिला समेत दो की मौत, हत्या का लगाया आरोप: Photo- Newstrack

Bahraich News: उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में रविवार को दो अलग-अलग कारणों से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना खैरीघाट क्षेत्र के नकाही गांव निवासी एक महिला का बीती रात को अपने पति से परिवारिक विवाद हुआ था। इससे क्षुब्ध महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने जानकारी होने पर मृतक महिला को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के ग्राम नकाही निवासी सुशीला उम्र (33) की उसके पति के साथ शनिवार शाम को कुछ परिवारिक विवाद हुआ था।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही सुशीला की मौत

परिवारिक कहासुनी के बाद सुशीला ने रात में जहरीला पदार्थ खा लिया। जानकारी होने पर परिजन तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही सुशीला की मौत हो गई।

ग्राम प्रधान रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला का पति शराबी है। शराब के नशे में कुछ कहासुनी हो गई थी। इसके बाद सुशीला ने जहरीला पदार्थ खा लिया जिससे उसकी मौत हो गई। बताया कि महिला के विशाल, राज, अरविंद और पुत्री ज्योति चार बच्चे हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

इसी क्रम में जिले के थाना हरदी क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिसैया चूड़ामणि गांव निवासी एक युवक का शव गन्ने के खेत में रविवार को मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच की है। इस संबंध में मृतक के पिता और भाई ने हत्या का आरोप लगाया है।

गन्ने के खेत में युवक का शव मिला

मिली जानकारी के अनुसार थाना हरदी क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिसैया चूड़ामणि गांव निवासी चुनमुन शर्मा उग्र (19) पुत्र भूलन शर्मा शनिवार शाम पांच बजे घर से बाजार के लिए गया, लेकिन वह घर नहीं आया। परिवार के लोग युवक की तलाश कर रहे थे। रविवार सुबह कुछ लोग खेत की रखवाली के लिए गए तो गन्ने के खेत में युवक का शव पड़ा देखा। यह सूचना आग की तरह फैल गई। देखते देखते मौके पर भारी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई। परिवार के लोग भी जानकारी होने पर मौके पर रोते बिलखते पहुंचे। युवक के गले पर चोट और दबाव के निशान हैं। साथ ही आंख पर भी चोट लगा हुआ है।

मृतक के पिता और भाई ने हत्या का आरोप लगाया है। और अज्ञात के नाम थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष आर के वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की जानकारी होगी। पिता भूलन शर्मा ने बताया कि घर की हालत ठीक न होने चलते बेटा दिल्ली में काम करता था। शुक्रवार को ही वह दिल्ली से आया था। उसकी अभी शादी भी नहीं हुई है।

Tags:    

Similar News