Banda News: सरोवर तट पर आत्मीय स्वागत से गदगद पद्मश्री जलयोद्धा बोले, बुंदेलखंड में आगे बढ़ाएंगे जखनी माडल

Banda News Today: समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। स्वागत से गदगद पांडेय ने सभी का आभार जताकर बुंदेलखंड के हर जिले में नदी, तालाबों और कुओं को पानीदार बनाने का इरादा जताया।

Report :  Om Tiwari
Update: 2023-01-29 12:08 GMT

Banda News (Newstrack)

Banda News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध बुंदेली प्रकृति पर्यटन संस्था लोकभारती के साप्ताहिक शंकर सरोवर सफाई कार्यक्रम में रविवार को पद्मश्री के लिए चयनित जलयोद्धा उमाशंकर पांडेय का आत्मीय स्वागत हुआ। समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। स्वागत से गदगद पांडेय ने सभी का आभार जताकर बुंदेलखंड के हर जिले में नदी, तालाबों और कुओं को पानीदार बनाने का इरादा जताया। पांडेय ने कहा- अब वह खेत में मेड़, मेड़ पर पेड़ माडल को पूरे बुंदेलखंड में विस्तार देने का काम करेंगे।

समाजसेवियों और प्रबुद्ध जनों ने पांडेय को लिया हाथों हाथ

बांदा शहर के शंकर सरोवर (नवाब टैंक) में हर रविवार चलने वाले सफाई अभियान में पांडेय ने पहले की तरह ही शिरकत की। लेकिन इस बार अपेक्षाकृत ज्यादा जुटे लोगों को मानो पांडेय का ही इंतजार था। बांदा के लाल को पद्मश्री देने की भारत सरकार की घोषणा से गौरवांवित लोगों ने पांडेय को हाथोंहाथ लिया। पद्मश्री को उनके महान काम का उम्दा इनाम बताते हुए सभी ने फूलों से स्वागत किया। किसी ने माल्यार्पण कर पट्टिका पहनाई तो किसी ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट किए।

अपनों के स्नेह से भावुक हुए पांडेय ने दोगुने जोश से काम करने की भरी हुंकार

पद्मश्री से पहले खेत में मेड़ मेड़ पर पेड़ के जखनी माडल के लिए अनेक पुरस्कार पा चुके जलयोद्धा पांडेय अपनों का स्नेह दुलार पाकर भावुक हो गए। उन्होंने कहा- लोगों की यह आत्मीयता ही उनकी ताकत है। अब वह दोगुने जोश से काम करेंगे। जानी माडल को पूरे बुंदेलखंड में फैलाएंगे। हर जिले में नदी, तालाबों और कुओं को पानीदार बनाएंगे।

पद्मश्री अशोक त्रिपाठी जीतू की प्रेरणा का परिणाम

जलयोद्धा पांडेय ने कहा- बुंदेली प्रकृति पर्यटन लोकभारती के संयोजक अशोक त्रिपाठी जीतू उनके प्रेरणास्रोत हैं। उनका न केवल सदैव आशीर्वाद मिला है बल्कि उन्हें प्रेरित करने में उन्होंने कभी कोई कोताही नहीं बरती। सच कहूं, पद्मश्री भी इसी प्रेरणा का परिणाम है। इस बीच पांडेय के साथ सभी ने सरोवर का जल हाथ में लेकर पूरे जिले को पानीदार बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

सफाई अभियान को क्लीन बोल्ड का मिला साथ, मशीन से चमकाए घाट

इस दौरान सफाई अभियान भी आगे बढ़ा। लगातार साप्ताहिक सफाई अभियान के चलते करीब 90 फीसदी शंकर सरोवर साफ सुथरा लगा। लहराती स्वच्छ जलराशि मोहक दिखी। क्लीन बोल्ड के डायरेक्टर सचिन चतुर्वेदी और श्यामजी निगम मय मशीनरी जमे नजर आए। मशीन से घाटों और पार्क में लगे पत्थर चमकाए गए। सफाई के इस नए आयाम को सभी ने सराहा। सचिन और श्याम ने कहा- इस सिलसिले को और आगे बढ़ाएंगे।

अगले रविवार भी चलेगा अभियान, शत प्रतिशत सफाई के बाद तय होगा अगला पड़ाव

लोकभारती संयोजक जीतू ने बताया- अगले रविवार को भी शंकर सरोवर में सफाई अभियान जारी रहेगा। शत प्रतिशत सफाई के बाद ही अगले पड़ाव का रुख होगा। अभी पड़ाव भी तय नहीं है। मिल बैठकर तय करेंगे। सफाई अभियान के बीच जलयोद्धा पांडेय का स्वागत करने वालों में जीतू समेत अशोक अवस्थी, निखिल सक्सेना, सचिन अगिनहोत्री, नीरज त्रिपाठी, सुनील त्रिपाठी, मानस किंकर रामप्रताप शुक्ल, अरुण निगम, संजय निगम अकेला, रोहन सिन्हा, राहुल सेन, धर्मेंद्र त्रिपाठी, नवीन पांडेय, राहुल अवस्थी, राजाबाबू, राजेश रंजन, नागेश खरे नागी, नवीन गुप्ता नीतू, अनिल आवारा, प्रमोद जैन, राम लखन राजपूत आदि प्रबुद्ध जन प्रमुख रहे।

Tags:    

Similar News