Banda News: मोदी के 73 साल, भाजपा देगी तिहत्तर लाख का गिफ्ट

Banda News: 17 को 73 साल पूरे कर रहे PM नरेंद्र मोदी का 74वां जन्मदिन मनेगा। इस अवसर पर भाजपा ने PM मोदी को 73 लाख से ज्यादा नए सदस्यों का बर्थडे गिफ्ट देने की तैयारी की है।

Report :  Om Tiwari
Update:2024-09-13 22:15 IST

Banda News ( Pic- Newstrack)

Banda News: भाजपा 11 से 17 सितंबर तक विशेष सदस्यता अभियान चला रही है। 17 को 73 साल पूरे कर रहे PM नरेंद्र मोदी का 74वां जन्मदिन मनेगा। इस अवसर पर भाजपा ने PM मोदी को 73 लाख से ज्यादा नए सदस्यों का बर्थडे गिफ्ट देने की तैयारी की है। विशेष अभियान के जरिए तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बांदा जिले ने बर्थडे गिफ्ट में एक लाख नए सदस्यों के योगदान का निश्चय किया है। योगी सरकार में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने दो बूथों में जाकर अभियान का श्रीगणेश किया और अब जिला सदस्यता प्रभारी संतोष गुप्ता सभी के सहयोग से अभियान को तेजी आगे बढ़ा रहे हैं।

स्वतंत्रदेव ने फूंका 'सशक्त बूथ', 'सशक्त भाजपा' और 'सशक्त भारत' का मंत्र

उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री सिंह 11 सितंबर को सरकारी कार्यक्रम में बांदा आए थे। कार्यक्रम के बाद जिला सदस्यता प्रभारी संतोष गुप्ता ने उनके भीतर के संगठक को जगाया। फिर, सिंह चिर-परिचित भूमिका में नजर आए। उन्होंने तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र के सहूरपुर गांव स्थित बूथ 143 और अतरहट गांव के बूथ 157 में विशेष सदस्यता अभियान का शुभारंभ कर 'सशक्त बूथ', 'सशक्त भाजपा' और 'सशक्त भारत' का मंत्र फूंका। उन्होंने कहा, सदस्यता अभियान को पूरे मनोयोग से अंजाम देना है। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक और जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

1389 बूथों में व्यवस्थित ढंग से चल रहा अभियान: संतोष गुप्ता

वरिष्ठ भाजपा नेता और सदस्यता अभियान के जिला प्रभारी संतोष गुप्ता कहते हैं, व्यवस्थित ढंग से काम हो रहा है। जिले में 16 मंडलों के 1389 बूथों में सदस्य बनाने के साथ निगरानी भी हो रही है। बूथों में 11 सदस्यीय समिति सक्रिय है। हर बूथ में तकरीबन 10 पन्ना प्रमुख लगाए गए हैं। 6-7 बूथों पर एक शक्ति केंद्र संचालित है। प्रत्येक मंडल में 11-12 शक्ति केंद्र समाहित हैं। हर शक्ति केंद्र में किसी न किसी मंडलीय पदाधिकारी का प्रवास सुनिश्चित किया गया है। मानिटरिंग के लिए जिले के 16 पदाधिकारियों को हर मंडल का प्रवासी बनाया गया है। इनमें IT और सोशल मीडिया में दक्ष लोग आगे लाए गए हैं। इनकी तकनीकी दक्षता अभियान को सुचारु बनाने में मददगार बनी है। इसके अलावा जिला पदाधिकारियों की 10 सदस्यीय टीम मंडल स्तर पर निगरानी के साथ जरूरी सुझाव भी देती है।

राजेश-लवलेश को मंडलों का प्रभार, विधानसभावार भी दायित्व

उन्होंने बताया, व्यवस्था के तहत भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के दो सदस्यों को मंडलों का प्रभार सौंपा गया है। राजेश द्विवेदी 10 और लवलेश सिंह 6 मंडलों का दायित्व संभाले हैं। वह खुद तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र की कमान संभाले हैं। जबकि उनके सहयोगी जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल बबेरू विधानसभा क्षेत्र, ममता मिश्रा बांदा और अखिलेश श्रीवास्तव नरैनी विधानसभा क्षेत्र में सदस्यता अभियान को गति दे रहे हैं।

गुरुवार तक बने 62000 सदस्य, 17 से पहले 1 लाख से अधिक का अनुमान

जिला सदस्यता प्रभारी गुप्ता बताते हैं, विभिन्न माध्यमों से गुरुवार तक 62000 से ज्यादा नए सदस्य बनाए गए हैं। 17 सितंबर को PM मोदी को 73 लाख से ज्यादा नए सदस्यों का बर्थडे गिफ्ट देने से पहले बांदा जिले में नए सदस्यों का आंकड़ा एक लाख से अधिक होने का अनुमान है। बूथों को A, B, C और D कैटेगरी में बांट कर अभियान चलाया जा रहा है। A का मतलब हमेशा जीते, B में जीते और हारे भी, C में ज्यादातर हारे और कभी जीते तथा D का मतलब कभी न जीतना है। सभी श्रेणियों में नए सदस्य बनाने को लेकर समान फोकस किया गया है।

आरके को 20000, रामकेश को 15 और प्रकाश व ओममणि को 10-10 हजार का टारगेट

सदस्यता प्रभारी गुप्ता ने बताया, अभियान 20 अक्तूबर तक चलेगा। इस अवधि में बीते लोकसभा चुनाव में चारो विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को मिले मतों के सापेक्ष 75 फीसद नए सदस्य बनाने की योजना है। लेकिन 50 फीसदी का लक्ष्य हर हाल में हासिल करना तय हुआ है। इसके लिए सभी 6 मोर्चों भाजयुमो, महिला, किसान, पिछड़ा, अनुसूचित जाति और अल्पसंख्यक मोर्चा को अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जबकि लोकसभा चुनाव लड़े आरके पटेल को 20000, तिंदवारी विधायक और जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद को 15000 और बांदा विधायक प्रकाश द्विवेदी व नरैनी विधायक ओममणि वर्मा को 10-10 हजार नए सदस्य बनाने का टारगेट दिया गया है। इसी तरह जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल को 5000, नगरपालिका और नगर पंचायत अध्यक्षों को 2-2 हजार और जिला पदाधिकारियों को 1-1 हजार सदस्य बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। उम्मीद करनी चाहिए कि सभी लोग अपना टारगेट हासिल करेंगे।

सांसद से सरपंच तक सभी को जोड़ें, रचें नया कीर्तिमान: MLC सेंगर

इधर, शुक्रवार को MLC जितेंद्र सिंह सेंगर ने तिंदवारी मंडल के बूथ 209 में पार्टीजनों के साथ घर घर जाकर 50 से ज्यादा लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। उन्होंने अभियान को बेहतर बनाने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर बल दिया। कहा, सांसद से सरपंच तक सभी को जोड़ना है। सदस्यता का नया कीर्तिमान बनाना है। उनके साथ जिला मीडिया प्रभारी आनंदस्वरुप द्विवेदी समेत अनूप तिवारी, रमेशचंद्र साहू, अभिलाष गुप्ता, धर्मेंद्र परमार, राहुल गुप्ता, केशव कुशवाहा, रोहित शुक्ला, कुलदीप मिश्रा, अलख नारायण, चंद्रभूषण पटेल, अमित द्विवेदी, आरपी प्रजापति और आलोक मिश्रा आदि मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News