Banda News: डिप्टी CM ब्रजेश पाठक बोले, धर्मयुद्ध है 2024 का लोकसभा चुनाव, जनता सिखाएगी अधर्मियों को सबक

Banda News: बांदा में नामांकन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि एक ओर सनातन धर्मी भाजपा है तो दूसरी ओर सनातन विरोधी अधर्मी और भ्रष्टाचारी दल हैं।

Report :  Om Tiwari
Update: 2024-04-29 14:43 GMT

जनसभा का अभिवादन करते डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक (Pic:Newstrack)

Banda News: उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने सोमवार को बांदा में भाजपा प्रत्याशी आरके पटेल की नामांकन सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव देश के विकास के साथ ही धर्म और अधर्म का भी चुनाव है। एक ओर सनातन धर्मी भाजपा है तो दूसरी ओर सनातन विरोधी अधर्मी और भ्रष्टाचारी दल हैं। इन अधर्मियों को जनता एक बार फिर सबक सिखाएगी।

बंटवारे की राजनीति करने वालों ने कराई थी रामभक्तों की हत्या

जीआईसी मैदान में नामांकन सभा को संबोधित करते हुए पाठक ने याद दिलाया कि भ्रष्टाचार और बटवारे की राजनीति करने वालों ने किस तरह रामभक्त कारसेवकों की हत्या करवाई थी। अयोध्या की पावन भूमि को रक्तरंजित करने का पाप किया था। 2014 के बाद नरेंद्र मोदी सरकार की भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के चलते विपक्षियों को लगातार पराजय झेलनी पड़ रही है। जबकि मतदाताओं के बल से कश्मीर में धारा 370 को इतिहास और अयोध्या में भव्य दिव्य नव्य राम मंदिर बनाने के अलावा हर क्षेत्र में विकास की गाड़ी तेजी से आगे बढ़ी है।

PM मोदी ने विश्वपटल में बढ़ाया भारत का मान

डिप्टी CM पाठक ने आगे कहा- PM मोदी ने बीते 10 सालों में विश्व पटल पर देश का मान बढ़ाया है। रूस और यूक्रेन युद्ध के दौरान वहां फंसे भारतीय विद्यार्थी तिरंगा लहराते हुए स्वदेश लौटने में सफल रहे। अन्य देशों के छात्र भी तिरंगा लेकर वतन वापसी में कामयाब हुए।

CM योगी की अगुआई में सूबे में बह रही विकास की धारा

उन्होंने डबल इंजन सरकार के भी काम गिनाए। बोले- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास की धारा बह रही है। सड़कों का जाल बिछाया गया है। एक्सप्रेस-वे की सौगातें दी गई हैं। हर घर नल से जल पहुंचाने का काम लगभग पूरा हो गया है। बुंदेलखंड में पेयजल संकट सुर्खियां बनता रहा है। सपा सरकार में ट्रेनों से पीने का पानी आता था। स्कूलों का बुरा हाल था। पूर्ववर्ती सरकारों में स्कूलों में तबेले खोले जाते थे। योगी सरकार की कायाकल्प योजना से स्कूलों की तस्वीर बदली है। नवीनीकरण कराकर बच्चों को जूते-मोजे, ड्रेस, मध्यान्ह भोजन और गुणवत्तायुक्त शिक्षा दी जा रही है।

हारी हुई लड़ाई लड़ रहा विपक्ष: रामकेश निषाद

जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने हर बूथ में कमल खिलाने का आवाहन कर कहा कि विपक्ष हारी हुई लड़ाई लड़ रहा है। कहीं कोई टक्कर में नहीं है। समूचे यूपी की तरह बुंदेलखंड की चारो सीटों में भी कमल खिलेगा। भाजपा प्रत्याशी और सांसद आरके पटेल ने मुख्य अतिथि पाठक का स्वागत किया और लोगों से हुए PM मोदी के हाथों को और मजबूत करने की अपील की। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने भी नामांकन सभा को संबोधित किया।

भाजपाई बने करीब 150 सपाई और बसपाई

इस बीच डिप्टी CM पाठक ने सपा, बसपा व अन्य दलों के अनेक पदाधिकारियों और नेताओं को भाजपा की सदस्यता की दिलाई। बीते विधानसभा चुनाव में बांदा से बसपा प्रत्याशी रहे धीरज राजपूत और सपा के पूर्व प्रदेश सचिव रामपाल प्रजापति समेत लगभग 150 लोग सपा और बसपा छोड़कर भाजपाई बन गए।

बांदा और चित्रकूट के दिग्गजों ने की सभा में शिरकत

सभा की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने की। संचालन जिला महामंत्री अखिलेश नाथ दीक्षित ने किया। सभा में चित्रकूट जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी, बांदा जिला प्रभारी रामकिशोर साहू, अनिल यादव, ब्रजकिशोर गुप्ता, मनोज शुक्ला, बालमुकुंद शुक्ला, शिवशंकर सिंह, इंद्रपाल पटेल, पुरुषोत्तम पांडेय, अशोक त्रिपाठी जीतू, संतोष गुप्ता, अखिलेश श्रीवास्तव, दिनेश तिवारी, रंजना उपाध्याय, अशोक जाटव, सुनील पटेल, चंद्रिका उपाध्याय और राजेश द्विवेदी आदि भाजपा नेता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। 

Tags:    

Similar News