Banda News: मधुमक्खियों के हमले से शव छोड़कर भागे लोग, 6 जख्मी, 2 गंभीर

Banda News: तिंदवारी कस्बे में सोमवार को मधुमक्खियों के हमले कब्रिस्तान जा रही शव यात्रा में भगदड़ मच गई। लोग शव छोड़कर भागने को मजबूर हो गए।

Report :  Om Tiwari
Update: 2024-02-26 16:23 GMT

मधुमक्खियों के हमले से शव छोड़कर भागे लोग। (Pic: Social Media)

Banda News: बांदा जिले के तिंदवारी कस्बे में सोमवार (26 फरवरी) को मधुमक्खियों के अचानक हमले से कब्रिस्तान जा रही शव यात्रा में भगदड़ मच गई। लोग शव छोड़कर भागने को मजबूर हो गए। हमले से जख्मी छह लोगों को स्थानीय PHC ले जाया गया। दो लोगों को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर बांदा रेफर किया गया है। हमला थमने के बाद वापस लौटे लोगों ने शव दफनाकर अंतिम संस्कार किया।

काले शहीद बाबा कब्रिस्तान जाते समय हुआ हमला

प्रेमनगर मोहल्ल निवासी फिरोज की दो दिन पूर्व मुंबई में मृत्यु हो गई थी। रविवार रात शव मुंबई से तिंदवारी आया था। सोमवार को शव यात्रा काले शहीद बाबा कब्रिस्तान जा रही थी। तभी अचानक मधुमक्खियों का हमला हो गया। शव यात्रा में भगदड़ भगदड़ मच गई। लोग शव छोड़कर भागने को मजबूर हुए। एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। 6 लोगों को अस्पताल ले जाया गया। दो को हालत गंभीर होने पर बांदा रेफर किया गया। घायलों के नाम संदीप (30), आर्यन (20), आरिफ बेग (30) और जाहिर बेग (55) आदि बताए गए हैं।

PHC की डाक्टर सुमन बोलीं- 6 लोग जख्मी, 2 बांदा रेफर

तिंदवारी PHC में तैनात डाक्टर सुमन ने बताया, 'मधुमक्खियों के हमले से छह लोग घायल हुए हैं। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया है। घायलों में दो को हालत नाजुक होने पर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर बांदा रेफर किया गया है। शेष का पीएचसी में इलाज चल रहा है। हालत सामान्य है।

आए दिन हमलों के बावजूद प्रशासन नहीं ले रहा संज्ञान

घटनास्थल के पास रहने वाले सूरज सिंह ने बताया कि पीपल के पेड़ में मधुमक्खियों के 30- 40 छत्ते हैं। आए दिन हमला होता है। लोगों की जान पर बन आती है। हाल ही में हमले का शिकार हुए उसके भांजे का अभी भी इलाज चल रहा है। मोहल्ले की महिला रोशनी ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले के कारण लोग भयभीत रहते हैं। लेकिन प्रशासन ने मामले का कोई संज्ञान तक नहीं लिया है।

Tags:    

Similar News