Banda News: बबेरू पहुंचे स्वामी शंकराचार्य, गौ माता संरक्षण को लेकर दिया बड़ा संदेश
Banda News: बांदा के बबेरू में स्वामी शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने गौ माता संरक्षण और सनातन संस्कृति के महत्व पर जोर देते हुए 2027 चुनाव में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की अपील की।
Banda News
Banda News: बांदा जिले के बबेरू कस्बे में बुधवार को जगद्गुरु स्वामी शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। कस्बे के मुख्य चौराहे पर कांग्रेस पार्टी, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं गौसेवा से जुड़े लोगों ने फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।इसके बाद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद कमासिन रोड स्थित प्रसिद्ध मां मढ़ीदाई मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए गौ माता के संरक्षण और सनातन संस्कृति के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म का महत्वपूर्ण आधार हैं तथा उनकी रक्षा करना प्रत्येक सनातनी का कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि गौ संरक्षण और गौ माता को सम्मान दिलाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा निकाली जा रही है। अब तक लगभग 118 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा पूरा किया जा चुका है और इसी क्रम में वे बबेरू विधानसभा पहुंचे हैं।शंकराचार्य ने लोगों से आह्वान किया कि वे गौ माता को संवैधानिक और सामाजिक सम्मान दिलाने के लिए आगे आएं तथा वर्ष 2027 के चुनाव में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएं।
इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार वास्तव में गाय को “गौ माता” का दर्जा देने की इच्छुक नहीं दिखाई देती। उन्होंने कहा कि यदि समाज एकजुट होकर आवाज उठाएगा तो गौ संरक्षण का आंदोलन और मजबूत होगा।कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, राजनीतिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में धार्मिक और राजनीतिक माहौल देखने को मिला।