Banda News: अटल बिहारी वाजपेई की पुण्यतिथि पर चला श्रद्धांजलि का सिलसिला, व्यक्तित्व और कृतित्व का बखान

Banda News: उत्तर प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद और बांदा सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी समेत भाजपाइयों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वाजपेई के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।

Report :  Om Tiwari
Update: 2024-08-16 15:17 GMT

Banda News (Pic: Newstrack)

Banda News: भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को जिला पंचायत कार्यालय स्थित 'अटल वाटिका' में श्रद्धांजलि का सिलसिला चला। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद और बांदा सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी समेत भाजपाइयों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वाजपेई के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उनके दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प व्यक्त किया गया।

दिलों में जीवंत रहेंगी अजातशत्रु की स्मृतियां: रामकेश निषाद

अटल वाटिका में श्रद्धांजलि सभा को संबोधित जलशक्ति राज्यमंत्री निषाद ने कहा, भाजपा के संस्थापक अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई जननेता थे। उन्होंने सुशासन के आदर्श प्रतिमान गढ़े और ऐतिहासिक व साहसिक निर्णयों के लिए जाने गए। वे आज भी हमारे प्रेरणास्रोत हैं। पुण्यतिथि पर हम हृदय से नमन करते हैं। वास्तव में अटल भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे। उनका संपूर्ण जीवन न केवल जनप्रतिनिधियों बल्कि प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए मार्गदर्शिका है। उनकी स्मृतियां हमारे दिलों में सदैव जीवंत रहेंगी।

प्रकाश द्विवेदी बोले, बेजोड़ नेता, यशस्वी पत्रकार व कवि थे अटल

सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा, अटल जी का जीवन राष्ट्र व जनकल्याण को समर्पित रहा। अटल न केवल बेजोड़ राजनेता थे, बल्कि यशस्वी पत्रकार और पसंदीदा कवि भी थे। उनकी कविताएं प्रेरणापुंज बनकर हमारे सामने हैं। उनकी दिखाई राह पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष जगराम सिंह ने कहा, अटल जी ने पोखरण परमाणु परीक्षण कर के विश्व को भारत की सामर्थ्य से परिचित कराने का साहस दिखाया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने कहा, राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण, गरीब कल्याण का सतत प्रयास और अद्वितीय संगठन कौशल हमारी प्रेरणा है।

राष्ट्र निष्ठा और सिद्धांतों की बात पर याद आएंगे वाजपेई: जीतू

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक त्रिपाठी जीतू ने कहा, देश में जब-जब राजनीतिक शुचिता, राष्ट्र निष्ठा और सिद्धांतों की बात होगी, अटल जरूर याद आएंगे। उन्होंने भाजपा के माध्यम से जहां विचारधारा को मजबूती दी, वहीं बतौर प्रधानमंत्री देश को सामरिक व आर्थिक मोर्चे पर सशक्त बनाने की मिसाल पेश की। उनके स्वर्णिम कार्यकाल को हमेशा याद किया जाएगा। पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश श्रीवास्तव ने अटल जी कविता "मैं जी भर जिया, मैं मन से मरूं, लौटकर आऊंगा, कूच से क्यों डरूं" से उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूर्व जिलाध्यक्ष बालमुकुंद शुक्ला ने कहा, अटल जी को सक्षम और सशक्त भारत निर्माण के लिए सदैव याद किया जाएगा।

मालती बासू, रजत सेठ व ममता मिश्रा समेत मौजूद रहे प्रमुख नेता

श्रद्धांजलि सभा में बांदा नपा अध्यक्ष मालती बासू और विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ समेत मनफूल पटेल, रमाकांत पटेल, स्वर्ण सिंह सोनू, महेश निषाद, अखिलेश नाथ दीक्षित, विवेकानन्द गुप्ता, राजकुमार राज, ममता मिश्रा, धर्मेन्द्र त्रिपाठी, जागृति वर्मा, वंदना गुप्ता, राजनारायण द्विवेदी, मीडिया प्रभारी आनन्द स्वरूप द्विवेदी, अजीत प्रकाश गुप्ता, उत्तम सक्सेना, सुनील त्रिपाठी, राजबहादुर सिंह और राकेश बाजपेई आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News