Bareilly News: 'दीपावली पर न हो बिजली कटौती, हर जगह हो सफाई', DM ने बैठक में दिए निर्देश

Bareilly News: दीवाली के बाद होने वाली छठ पूजा को लेकर भी निरीक्षण के निर्देश दिए। प्रशासन को हर तरह की विपरीत परिस्तिथि के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।

Report :  Sunny Goswami
Update:2024-10-26 18:20 IST

जिलाधिकारी ने की बैठक (Pic: Social Media)

Bareilly News: जिलाधिकारी ने शनिवार को विकास भवन में धनतेरस/ दीपावली के त्योहार पर शांति और कानून व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की जिसमें उन्होंने समस्त संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता को त्योहार पर किसी भी तरह की परेशानी उत्पन्न न होने पाए। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि दीपावली के पर्व पर लाईट की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। 

मुख्य अग्निशमन अधिकारी को कहीं बाजार आदि व्यस्ततम स्थानों पर आपदा की स्थिति में कैसे दमकल आदि पहुंचाएंगे उसकी तैयारी रखने के निर्देश दिये। संबंधित पुलिस अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग तथा अग्निशमन कार्मिकों की डयूटी स्वयं भी देख लें। नगर निगम को निर्देश दिये कि त्यौहारों के चलते कचरा कहीं भी एकत्र ना रहे इसके लिये साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। दीपावली पर समस्त ग्रामों में भी विशेष साफ-सफाई कराये जाने के निर्देश देने के साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि कूड़े को जलाया ना जाये। इसके अतिरिक्त गोवर्धन पूजा पर समस्त गौशालाओं में साफ-सफाई व ठण्ड के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा दीपावली में गौ सेवक अनिवार्य रुप से गौशाला में ही उपस्थित रहें।

छठ पूजा को लेकर भी निरीक्षण के निर्देश

दीवाली के बाद होने वाली छठ पूजा को लेकर भी निरीक्षण के निर्देश दिए। मीरगंज व शेरगढ़ आदि में दीपावली पर लगने वाले मेले का आयोजन किया जाता है और कुछ स्थानों पर शोभायात्रा भी निकलती है। सम्बंधित एसएचओ/सीओ मौके का भ्रमण कर लें। रॉकेट आदि जलाते समय ध्यान रखें कि उसका डायरेक्शन दूसरे की घर की तरफ ना हों। अपर जिलाधिकारी नगर ने बताया कि जनपद में 46 स्थायी दुकाने व अस्थायी पटाखें की दुकाने लगेगी, जिन्हें समय से लाइसेंस जारी किया जाये। पटाखों की दुकानों पर समस्त मानकों का कड़ाई से पालन किया जाये तथा समस्त उप जिलाधिकारी पटाखों की दुकानें लगाने हेतु एक नियत स्थान चिन्हित कर लें।

जिले में मौजूद 43 एंबुलेंस

मुख्य चिकित्साधिकारी विश्राम सिंह द्वारा बताया गया कि अपने जनपद में 43 एम्बुलेंस (108) उपलब्ध हैं जो विपरीत परिस्थितियों में कार्य करेंगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि आवश्यक दवाईयों सहित डॉक्टरों की भी उपलब्धता सुनिश्चित रहे। पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा जानकारी दी गयी कि धनतेरस से दीपावली तक रुट निर्धारण किये जायेंगे और विशेष मार्गों पर तीन व चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन दिनेश, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट राजीव कुमार शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 विश्राम सिंह, अपर नगर आयुक्त, एसपी ट्रैफिक, एसीएम, सम्बंधित विभाग के अधिकारी सहित गणमान्य नागरिकों उपस्थित रहे। 

Tags:    

Similar News