BJP UP Election: बीजेपी का मिशन यूपी, आज से आधी आबादी को साधने के लिए उतरेगी महिलाओं की फौज

BJP UP Election: बीजेपी महिला मोर्चा बुंदेलखंड में भाजपा का कमल खिलाने के लिए आज (14 नवंबर) से कमल संवाद कार्यक्रम शुरू करने जा रही हैं। इस कार्यक्रम की शुरुआत झांसी से होगी।;

Written By :  Rahul Singh Rajpoot
Published By :  Chitra Singh
Update:2021-11-14 10:58 IST

बीजेपी महिला मोर्चा (फाइल फोटो- सोशल मीडिया)

BJP UP Election: भारतीय जनता पार्टी यूपी चुनाव (BJP UP Election) को लेकर कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ रही है। उनके दिग्गज नेता जहां पूर्वांचल और पश्चिम पर पूरा फोकस किए हुए हैं तो वहीं अब उनकी महिला नेता बुंदेलखंड में भाजपा का कमल खिलाने के लिए आज (14 नवंबर) से अभियान शुरू करने जा रही हैं। बीजेपी महिला मोर्चा (BJP Mahila Morcha) की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन (Vanathi Srinivasan) आज इस कार्यक्रम का झांसी से शुभारंभ करेंगी। बीजेपी महिला मोर्चा की नेता ने 9 दिनों तक नौ बिंदुओं पर कमल संवाद कार्यक्रम (Kamal sanvad karyakrama) के माध्यम से आधी आबादी को साधने का प्लान तैयार किया है।

यह कार्यक्रम यूपी के 9 बड़े शहरों जिसमें राजधानी लखनऊ, आगरा, गोरखपुर, मेरठ, प्रयागराज, मुरादाबाद, शाहजहांपुर और कानपुर में भी होंगे। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) द्वारा उठाये जा रहे महिला के मुद्दे की काट के रूप में भी देखा जा रहा है। बीजेपी ने भी आधी आबादी को साधने के लिए अब पूरी तरह से कमर कस लिया है।

आज झांसी से कार्यक्रम का शुभारंभ

भारतीय जनता पार्टी अलग-अलग जोन में बांटकर चुनाव अभियान में जुटी हुई है। एक तरफ जहां अमित शाह और सीएम योगी से लेकर उनके बड़े नेता पूर्वांचल में फोकस किए हुए हैं । तो वहीं मंत्री, विधायक पश्चिम में भी विरोध के जो बिगुल उठे हैं उसे शांत करने में जुटे हुए हैं। अब उनकी महिला टीम बुंदेलखंड की सियासी नब्ज को टटोलने और महिलाओं को जोड़ने के लिए आज से मैदान में उतर रही हैं।

आज झांसी में कार्यक्रम का शुभारंभ के बाद कल यानी 15 नवंबर को मुरादाबाद में राज्यसभा सदस्य अलका गुर्जर व सरोज पांडे कमल संवाद कार्यक्रम का शुभारम्भ करेंगी। इसी तरह 16 नवंबर को कानपुर में पूनम महाजन, 17 को आगरा में प्रतिमा भौमिक, 19 को प्रयागराज में साध्वी निरंजन ज्योति व सरोज पांडे , 22 नवंबर को मेरठ में सरोज पांडे, 23 नवंबर को शाहजहांपुर में इंदुबाला गोस्वामी और 25 नवंबर को गोरखपुर में विजया की मौजूदगी में कमल संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का समापन 27 नवंबर को लखनऊ में होगा इसमें केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे व अन्नपूर्णा देवी शिरकत करेंगी।

केंद्र और राज्य सरकार के कार्यक्रमों की देंगी जानकारी

कमल संवाद कार्यक्रम के जरिए बीजेपी की महिला नेत्री आधी आबादी की सुरक्षा के साथ उन्हें सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताएंगी। मन से यह संदेश देने का प्रयास होगा कि केंद्र व प्रदेश की योगी सरकार ने आधी आबादी के जीवन स्तर को बेहतर व स्वावलंबी बनाने के लिए क्या काम किया। साथ ही पहले की सरकार और भाजपा शासन में महिला की स्थिति का अंतर बताकर सपा बसपा व कांग्रेस को भी घेरा जाएगा।

Tags:    

Similar News