Jhansi News: मजबूरी में किया था धर्म परिवर्तन अब हिंदू धर्म में की वापसी

मजबूरियों का फायदा उठाकर जय सिंह ठाकुर नाम के युवक को 20 साल पहले मुस्लिम धर्म अपनाने पर मजबूर किया गया था।

Report :  B.K Kushwaha
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-08-14 12:07 GMT

विविध विधान से हिंदू धर्म में वापसी करता परिवार

Jhansi News: मजबूरियों का फायदा उठाकर जय सिंह ठाकुर नाम के युवक को 20 साल पहले मुस्लिम धर्म अपनाने पर मजबूर किया गया था। उसे हिन्दू से मुसलमान बनाकर उसका नाम मोहम्मद जावेद रख दिया गया। साथ ही चार साल पहले उसकी शादी मुस्लिम धर्म की युवती से करा दी गयी। आज विश्व हिंदू परिषद व बजरंगदल के लोगों से मिलकर जयसिंह व उसकी पत्नी ने तीन साल के बेटे के साथ हिन्दू धर्म अपना लिया।

दबाव बनाकर कराया धर्म परिवर्तन

पूरा मामला झांसी शहर का है। गोविंद चौराहा निवासी जय सिंह ने बताया कि उसके पिता का नाम निर्मल सिंह है। आरोप है कि उसी इलाके के रहने वाले एक मुस्लिम व्यक्ति ने उस पर दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन करा दिया था। अब वह व्यक्ति शहर के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में रहता है। वह व्यक्ति उसे अपने साथ ही रखता था और घर के सारे काम कराता था। उसकी मर्जी के बिना कहीं आने-जाने की मनाही थी। काम में गलती होने पर उसे यातनाएं भी दी जाती थीं।

विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के नेताओ ने की मदद

उसका आधार कार्ड बना तो उसमें भी जावेद नाम लिखवा दिया जबकि पिता का नाम निर्मल सिंह लिखा है। चार साल पहले गोविंद चौराहे की रहने वाली रुखसार से उसका निकाह कराया गया। उसके तीन साल का एक बेटा है जिसका नाम जहांगीर रखवा दिया गया था। आए-दिन मारपीट से परेशान होकर उसने धर्म वापसी की सोची और किसी तरह विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के नेता विनोद अवस्थी, प्रभाकर अवस्थी व अतुल मिश्र आदि से संपर्क किया। सभी नेताओं ने उसे मदद का भरोसा दिया। आज सिद्धेश्वर मंदिर पर कार्यक्रम आयोजित कर जावेद, उसकी पत्नी रुखसार व बेटे को हवन-पूजन कराकर हिन्दू धर्म में शामिल कराया गया। रुखसार को माया नाम दिया गया जबकि जहांगीर का नाम बदलकर विजय किया गया।

पत्नी ने भी किया धर्म परिवर्तन

रुखसार ने बताया वह बिना किसी दबाव के अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन कर रही है। उसके परिवार में मां व भाई को मेरे धर्म परिवर्तन की जानकारी है, उन्हें कोई एतराज नहीं है।

हिंदूवादी नेता ने क्या कहा

हिंदूवादी नेता विनोद अवस्थी ने बताया कि यह दोनों काफी परेशान थे।इ न्होंने हिन्दू धर्म में वापसी की इच्छा जाहिर की तो आज हवन-पूजन कराकर इनकी धर्म वापसी कराई गई है।

सीओ सिटी ने दिए यह तर्क

इस संबंध में सीओ सिटी राजेश कुमार सिंह से बात हुई तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है, प्रकरण की जानकारी कर जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

Tags:    

Similar News