कानपुर: ट्रक से टकराई कार, 3 रूसी और 1 जर्मन नागरिक गंभीर रूप से घायल

Update: 2018-01-12 05:39 GMT
UP: धुंध में ट्रक से टकराई कार, 3 रूसी और 1 जर्मन नागरिक गंभीर रूप से घायल

कानपुर: विदेशी नागरिकों की कार एक खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में चारों विदेशी नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस कार में तीन रूसी और एक जर्मन नागरिक सवार था। एक्सीडेंट की सूचना पर पहुंची पुलिस को जब पता चला घायल होने वाले विदेशी नागरिक हैं तो पुलिस ने तेजी दिखाते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।

यह सड़क हादसा बिल्हौर थाना क्षेत्र के पास हुआ। सभी लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस से लखनऊ जा रहे थे। घना कोहरा होने की वजह से विदेशी नागरिकों की कार खड़े ट्रक से जा टकराई। सभी विदेशी नागरिक बुरी तरह से घायल हो गए।

तेज आवाज सुन दौड़े गांव वाले

एसपी ग्रामीण जेपी सिंह के मुताबिक, गुरुवार रात लखनऊ-आगरा एक्सप्रसे वे पर लखनऊ की तरफ जा रही एक कार मकनपुर गांव के पास खड़े ट्रक से जा टकराई।इस दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना और तेज आवाज सुन आसपास के गांव के लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

रूसी नागरिक के सिर पर गंभीर चोटें

मौके पर पहुंची पुलिस को जब पता लगा कि घायल सभी विदेशी नागरिक हैं तो उन्होंने इसकी जानकारी आलाधिकारियों को दी। सभी घायलों को इलाज के लिए बिल्हौर सीएचसी भेजा गया। सीएचसी के डॉक्टरों के अनुसार रूसी नागरिक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। सभी को एंबुलेंस से हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सड़क हादसे में घायलों के नाम इलिया जोकिया, एगोर ब्रूबाका, इवान और जर्मन नागरिक निकिता हैं।

दूतावास को दी सूचना

इस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही कानपुर पुलिस के आलाधिकारी घायलों से मिलने हैलट अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि इसकी सूचना रूसी और जर्मन दूतावास को दे दी गई है।

Tags:    

Similar News