'राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में अरबपतियों के लिए बिछी कालीन...हम धर्म की राजनीति नहीं करते', चंदौली में बोले राहुल गांधी

Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा चंदौली के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर चुकी है। नेशनल इंटर कॉलेज के ग्राउंड में राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित किया।

Report :  Ashvini Mishra
Written By :  aman
Update: 2024-02-16 12:09 GMT

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी चंदौली में भाषण देते हुए (Social Media) 

Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुक्रवार (16 फरवरी) को उत्तर प्रदेश में प्रवेश की। यूपी-बिहार सीमा स्थित नौबतपुर बॉर्डर (Naubatpur Border) से राहुल गांधी चंदौली जिले में प्रवेश किए। यहां से कांग्रेस नेता नेशनल इंटर कॉलेज स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे। राहुल का कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।

इस दौरान बिहार कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश सिंह (Akhilesh Singh) ने यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) को कांग्रेस का झंडा सौंपा। राहुल गांधी ने जनसभा को भी संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने बीजेपी और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोला। साथ ही कहा, वो 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने आए हैं।'

बीजेपी, PM मोदी पर जमकर निशाना

उत्तर प्रदेश की सीमा के चंदौली में राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' पहुंचने पर प्रदेश और जिला कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। जैसे ही यह यात्रा चंदौली के बिहार सीमा पर स्थित नौबतपुर पहुंची कार्यकर्ताओं ने अपने राष्ट्रीय नेता का गर्मजोशी से स्वागत किया। मंच पर झंडे का हस्तांतरण करने के बाद सैयदराजा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज परिसर में राहुल गांधी के नेतृत्व जनसभा हुई। सभा में राहुल गांधी ने बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर निशाना साधा।'

किसानों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं के साथ अन्याय हो रहा

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'देश में दो तरह की विचारधारा है। एक भाई को भाई से जोड़ती है और एक भाई से भाई की नफरत कराती है। इस यात्रा के माध्यम से 'नफरत के बाजार में मैं मोहब्बत की दुकान खोलने' आया हूं। पिछली यात्रा से इस यात्रा में एक अलग मुद्दा न्याय का जोड़ा गया है। सरकार का गरीबों और किसानों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। देश में हिंसा फैल रही है। इसका मुख्य कारण किसानों, गरीबों, महिलाओं व युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है।'

'केवल अरबपतियों के लिए ही कालीन बिछाई गई'

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा को देशवासियों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। यात्रा जिस राज्य से होकर गुजर रही है, वहां ऐतिहासिक स्वागत किया जा रहा है। 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का उद्देश्य मोदी सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचना है। बीजेपी भगवान राम को लेकर राजनीति कर रही है। राम लाल प्राण प्रतिष्ठा समारोह में गरीबों दलित व देश के आदिवासी राष्ट्रपति को जगह नहीं मिली। केवल अरबपतियों के लिए ही कालीन बिछाई गई थी। इससे सरकार की मंशा जाहिर होती है।'

इंडिया गठबंधन का कोई बड़ा नेता मंच पर नजर नहीं आया

राहुल की जनसभा में इंडिया गठबंधन के राष्ट्रीय नेताओं के आने की बात कही गई थी, लेकिन मंच पर घटक दल का कोई प्रमुख नेता नजर नहीं आया। यहां तक की समाजवादी पार्टी के स्थानीय विधायक और जिला अध्यक्ष भी मंच पर नहीं दिखे। इससे राजनीतिक गलियारे में गठबंधन में दरार की चर्चा होने लगी।'

'लोगों को न्याय दिलाने के लिए यात्रा निकाली'

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी और मीडिया पर भी जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा, लोगों को न्याय दिलाने के लिए इस यात्रा को निकाला गया है। राहुल गांधी के न्याय यात्रा में बाहरी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। राहुल गांधी पैदल यात्रा करते हुए यहां के शहीद स्थल पर अमर शहीदों की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर आगे बढ़े। चंदौली और मुगलसराय शहर होते हुए अगले पड़ाव के लिए प्रस्थान किया।

यूपी के इन शहरों से गुजरेगी यात्रा

आज यात्रा का पड़ाव चंदौली में ही होगा। अगले दिन यात्रा चंदौली से आगे बढ़ेगी। वाराणसी में प्रवेश करेगी। उसके बाद यात्रा अपने पूर्व निर्धारित मार्ग भदोही, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर होते हुए आगे जायेगी। सभा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी और जयराम रमेश के साथ-साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल हुए।

Tags:    

Similar News