Chandauli News: डीएम ने क्यों दी ऐसी चेतावनी सहम गया अमला, किया एसपी के साथ बाढ़ में डूबे इलाकों का निरीक्षण

Chandauli News:दर्जनों गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे व पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगहे ने बाढ़ से प्रभावित होने वाले इलाकों का निरीक्षण किया।

Report :  Ashvini Mishra
Update:2024-09-16 21:26 IST

Chandauli News ( Pic- Newstrack)

Chandauli News: चंदौली जनपद के सकलडीहा तहसील क्षेत्र के गंगा तटवर्ती इलाके के दर्जनों गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है, जिसको लेकर जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे व पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगहे ने बाढ़ से प्रभावित होने वाले इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान मताहतों को तत्परता के साथ तैनात रहने व प्रभावित होने वाले लोगों सुरक्षित रखने के लिए निर्देश भी दिये।

चंदौली जनपद के सकलडीहा तहसील के बलुआ घाट व मारूफपुर घाट सहित अन्य गंगा के तटवर्ती बाढ़ से प्रभावित होने वाले इलाकों का जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे व पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगहे ने सोमवार को सायंकाल निरीक्षण कर राजस्व कर्मियों एवं पुलिस विभाग को निर्देशित किया।जिलाधिकारी ने राजस्व कर्मियों एवं पुलिसकर्मियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी तरह का कोई जान माल का नुकसान नहीं होना चाहिए, प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर ले जाए, पशुओं को चारा एवं लोगों को भोजन पानी आदि की व्यवस्था तत्काल की जाए।

इस संबंध में जिलाधिकारी में बताया कि गंगा के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है लेकिन पहले की अपेक्षा गंगा में बढ़ाव कम है। गंगा के बढ़ते जलस्तर पर लगातार निगरानी बरती जा रही है और गंगा के तटवर्ती इलाकों के दर्जनों गांव के प्रभावित लोगों के लिए पहले से ही सुरक्षित स्थानों की व्यवस्था की गई है। लोगों के रहने, खाने, पीने के साथ पशुओं के भी चारे की व्यवस्था तैयार है। जनपद के कुल गंगा के तटवर्ती इलाकों में 15 बाढ़ चौकियां बनाई गई है।

सकलडीहा तहसील में कुल 12 बाढ़ चौकिया हैं, उनको सक्रिय कर दिया गया है, और लोगों से अपील भी की जा रही है कि किसी भी तरह का कोई आकस्मिक स्थिति होती है तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें और सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। इस दौरान सकलडीहा के उप जिलाधिकारी अनुपम मिश्रा, सकलडीहा के सीओ रघुराज, तहसीलदार,नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News