Chandauli: बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में, SDM ने बाढ़ चौकियों पर बैठक कर दिया निर्देश

Chandauli: गंगा तटवर्ती क्षेत्र में होने वाले नुकसान के आंकलन और लोगों को जागरुक कर लगातार निगरानी के लिए राजस्व कर्मियों को भी निर्देशित किया गया।

Report :  Ashvini Mishra
Update:2024-09-17 17:07 IST

एसडीएम ने बाढ़ चौकियों पर बैठक कर दिया निर्देश (न्यूजट्रैक)

Chandauli News: जनपद के गंगा तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का कहर दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। जिसको लेकर सकलडीहा तहसील और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील के बाढ़ राहत केंद्रों पर उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में बैठक कर सभी व्यवस्थाओं के साथ तत्पर रहने के लिए निर्देश दिया गया। पंडित दयाल उपाध्याय नगर के बहादुरपुर गांव तथा सकलडीहा तहसील के मरुखपुर में गंगा के रौद्र रूप को देखते हुए तटवर्ती इलाकों में पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में बैठक की गई। जिसमें पशुओं को भूसा आदि की व्यवस्था के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया। वहीं भोजन-पानी आदि की व्यवस्था के लिए तहसीलदार के नेतृत्व में खंड शिक्षा अधिकारी को बाढ़ चौकियों पर रख रखाव आदि की देख रेख के लिए लगाया गया है।

गंगा तटवर्ती क्षेत्र में होने वाले नुकसान के आंकलन और लोगों को जागरुक कर लगातार निगरानी के लिए राजस्व कर्मियों को भी निर्देशित किया गया। प्रभावित गांवों में सुरक्षा आदि के लिए क्षेत्राधिकारी ने होमगार्ड आदि की तैनाती का भी निर्देश दिया। ग्राम प्रधानों को लगातार एक्टिव मोड में होकर सहयोग करने के लिए अपील की गई। इस संबंध में उप जिलाधिकारी सकलडीहा अनुपम मिश्र ने बताया कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती इलाकों में लोगों को सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह से व्यवस्था की जा रही है कहीं से भी किसी तरह की कोई दुर्घटना ना हो और किसी को कोई समस्या उत्पन्न हो उसके लिए प्रशासन लगातार पीड़ित लोगो के संपर्क में है।

प्रभावित लोगों को बाढ़ चौकियों में रहने के लिए सारी व्यवस्थाएं मुहैया कर दी गई है और उसके लिए लोगों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। कहीं भी किसी तरह की कोई समस्या होती है तो वह तत्काल हम लोगों को सूचित करें उनकी समस्याओं का तुरंत निस्तारण किया जाएगा। वहीं उप जिलाधिकारी पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर ने भी बाढ़ पीड़ितों को सुविधा मुहैया कराने और सारी तैयारी चुस्त दुरुस्त रहने की बात कही। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी के साथ तहसीलदार पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, सीओ पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के साथ अन्य अधिकारी कर्मचारी ग्राम प्रधान आदि उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News