Chitrakoot News: दबंगों ने लाठी-डंडों से की सिपाही की पिटाई, जान से मारने का किया प्रयास

Chitrakoot News: दिनदहाड़े पत्थर खनन करा रहे सगे भाइयों ने पुलिसकर्मियों से विवाद होने के बाद उनके ऊपर जानलेवा हमला बोल दिया। उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। इसके बाद एक सिपाही का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया।

Update: 2023-10-28 15:01 GMT

Chitrakoot News (Pic:Social Media)

Chitrakoot News: मानिकपुर क्षेत्र के सरैया चौकी के गढ़चपा गांव के मजरा छेरिहाई भौटी में अवैध तरीके से दिनदहाड़े पत्थर खनन करा रहे सगे भाइयों ने पुलिसकर्मियों से विवाद होने के बाद उनके ऊपर जानलेवा हमला बोल दिया। उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। इसके बाद एक सिपाही का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया। किसी तरह सिपाहियों ने भागकर खुद की जान बचाई। पुलिस ने इस मामले में हमला करने वाले दो सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश शुरु कर दी है।

कोर्ट का समन तामीला कराने गए थे सिपाही

गढ़चपा गांव के मजरा छेरिहाई से सटे कबरा पुरवा स्थित रुंगू बाबा के पास भौठी में अवैध रूप से पत्थर खनन चल रहा है। शुक्रवार को सरैयां चौकी के पुलिसकर्मी दुर्गेश कुमार व रवि शंकर कोर्ट का सम्मन तामीला कराने क्षेत्र में जा रहे थे। इसी बीच उनको अवैध खनन की जानकारी मिली। जिस पर दोनो सिपहियों ने भौंटी के पास पहुंचकर अपने मोबाइल से अवैध खनन का वीडियो बनाने लगे। यहां पर काफी मजदूर खनन कार्य में लगे हुए थे। पत्थर का ढ़ोका लाने के लिए एक ट्रैक्टर भी खड़ा था। जिसमें वह ढ़ोका लोड़ करवा रहे थे।

किसी तरह जान बचाकर भागे सिपाही

वीडियो बनाता देख खनन करा रहे सगे भाई नत्थू तिवारी व दीनू तिवारी निवासी छेरिहाई ने आकर रोका। इसके बाद लाठी-डंडा लेकर दोनों ने सिपाहियों पर जानलेवा हमला कर दिया। सिपाही दुर्गेश कुमार का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। दोनों सिपाहियों ने किसी तरह हमलावरों से खुद को छुड़ाया और मौके से जान बचाकर भागे। इसके बाद सरैंया चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी। सिपाही दुर्गेश की तहरीर पर हमलावर सगे भाई नत्थू व दीनू के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। सिपाही रविशंकर को चोटें आई है।

उधर हमलावर दोनों भाई खदान से ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग निकले। थाना प्रभारी मानिकपुर रीता सिंह ने बताया कि सिपाहियों की सूचना पर तत्काल सरैंया चौकी पुलिस मौके में पहुंची। लेकिन तब तक हमलावर फरार हो गए थे। आरक्षी दुर्गेश की तहरीर के आधार पर दोनों सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों की तलाश की जा रही है।

काफी पहले से चल रहा था अवैध खनन का खेल

सरैंया चौकी क्षेत्र में काली घाटी से लेकर गढचपा तक कई जगह पहाड़ों में अवैध तरीके से पत्थर ढ़ोका का खनन किया जा रहा है। शाम होते ही अवैध तरीके से संचालित खदानों में ट्रैक्टर दौड़ने लगते है। जेसीबी व मजदूरों के जरिए खनन होता है। अवैध खनन के इस खेल की जानकारी जिम्मेदारों को भी है, लेकिन कभी इन पर शिकंजा नहीं कसा गया। यही वजह है कि यह दबंग अब पुलिसकर्मियों पर भी हमला करने लगे है। क्योंकि उनको किसी का भय शायद नहीं रह गया है।

Tags:    

Similar News