Chitrakoot News: घर के पीछे मिला लापता मासूम का शव, मचा हड़कंप

Chitrakoot News: एक दिन पहले दोपहर में अचानक घर से लापता चार वर्षीय मासूम बच्चे का शव घर के पीछे सरसों के खेत से बरामद हुआ है। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों में बच्चे को अगवा कर हत्या करने का आरोप लगाया है।

Update: 2024-01-25 13:39 GMT

Chitrakoot News (Pic:Newstrack)

Chitrakoot News: राजापुर क्षेत्र के सरधुवा थाना क्षेत्र के सुरसेन गांव में एक दिन पहले दोपहर में अचानक घर से लापता चार वर्षीय मासूम बच्चे का शव घर के पीछे सरसों के खेत से बरामद हुआ है। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों में बच्चे को अगवा कर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने डॉग स्क्वायड के साथ जायजा लिया है। पुलिस का कहना है कि बच्चे के शरीर में कोई चोट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। घटना की बारीकी से जांच की जा रही है।

सुरसेन निवासी रशीद का चार वर्षीय बेटा समीर बुधवार की दोपहर घर के ही पास अपनी बहन व अन्य पड़ोसी बच्चों के साथ खेल रहा था। उसकी मां रुकशाना बानो गोबर के कंडे पाथने चली गई थी। वापस लौटने के बाद नजर न आने पर बेटे की खोजबीन शुरु किया तो कहीं पता नहीं चला। काफी खोजबीन के बाद जब समीर नहीं मिला तो परिजनों ने देर शाम थाने पहुंचकर सूचना दी।

पुलिस ने मासूम बच्चे के लापता होने पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक जेपी उपाध्याय पुलिस टीम के साथ गांव में देर रात तक खोजबीन करते रहे। गुरुवार को सुबह डॉग स्क्वायड के साथ सीओ निष्ठा उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक सरधुवा जेपी उपाध्याय ने भारी पुलिस बल के साथ फिर खोजबीन शुरु कराया।

दोपहर बाद रसीद के पडोसी के घर के पिछवाडे सरसों के खेत में समीर का शव पड़ा मिला। शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक दो भाई व एक बहन में दूसरे नंबर का था। पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने अज्ञात लोगों पर समीर की अगवा कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

सीओ निष्ठा उपाध्याय ने बताया कि मृतक के शरीर में किसी तरह के चोट आदि के कोई निशान नहीं मिले है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। परिजनों ने अभी किसी के खिलाफ कोई नामजद तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले कुछ नहीं कहा जा सकता है। घटना की बारीकी से जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News