Chitrakoot News: यमुना में नहाते हुए डूबी ननद-भाभी, तलाश में जुटे गोताखोर
Chitrakoot News: 16 वर्षीया किरन व 24 वर्षीया पुष्पा देवी पत्नी रामभरोसे नदी में डूब गईं। अभी तक इनका पता नहीं चल सका है।;
नदी किनारे लगी लोगों की भीड़। (Pic: Newstrack)
Chitrakoot News: चित्रकूट के मऊ कस्बे से सटे यमुना घाट में बुधवार की सुबह मंडप सिराने के दौरान ननद-भौजाई व एक अन्य युवक यमुना के गहरे पानी में डूब गए। आसपास मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया तो मौजूद नाविक दौड़कर पहुंचे और नदी में कूदकर युवक को किसी तरह बचा लिया। लेकिन ननद-भौजाई यमुना के गहरे पानी में डूब गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के जरिए खोजबीन शुरु कर दी है। अभी तक यमुना में डूबी ननद-भौजाई का कोई पता नहीं चल पाया है।
सन्ना के दौरान डूबी महिलाएं
मऊ कस्बे की अंबेड़कर नगर में रहने वाले शिवमंगल के घर में वैवाहिक कार्यक्रम था। जिसमें रिश्तेदारों का भी जमावड़ा लगा था। शिवमंगल के बेटे लवकुश की सोमवार को शादी थी। बारात शादी कार्यक्रम के बाद मंगलवार को वापस लौटी थी। बुधवार को सुबह करीब एक दर्जन महिलाएं स्नान के साथ ही मंडप सिराने यमुना नदी गई थी। बताते हैं कि मंडप सिराने के बाद सभी महिलाएं यमुना में नहा रही थी। इसी दौरान कर्वी कोतवाली क्षेत्र के रगौली निवासी कौशलेश की 16 वर्षीया बेटी किरन व 24 वर्षीया बहू पुष्पा देवी पत्नी रामभरोसे के अलावा मऊ कस्बा निवासी 24 वर्षीय रामचरन गहरे पानी में स्नान के दौरान डूबने लगे।
अभी तक दोनों का कोई पता नहीं
इनको डूबता देख अन्य महिलाओं ने शोर मचाया तो पास में मौजूद नाविक दौड़कर पहुंचे और यमुना में कूदकर बचाने का प्रयास किया। नाविकों ने किसी तरह रामचरन को बचा लिया। जब तक किरन व पुष्पा को बचाने नाविक पहुंचते, इसके पहले ही वह यमुना के गहरे पानी में दोनो डूब गई। यमुना में डूबी किरन ननद व पुष्पा उसकी भाभी है। कुछ ही देर में सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंच गए। जानकारी मिलते ही एसडीएम मऊ राकेश पाठक, सीओ जयकरन सिंह, थाना प्रभारी विनोद कुमार राय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में प्रशासन ने स्थानीय गोताखोरों को दोनो की तलाश में लगाया। इसके साथ ही एसडीआरएफ टीम के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। अभी तक यमुना में डूबी ननद-भौजाई का कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों में घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है।