Chitrakoot News: पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा- हार-जीत होती रहती है, 2024 में क्षेत्रीय दलों का सूपड़ा साफ होगा

Chitrakoot News: चित्रकूट को 73.67 करोड की लागत की 54 परियोजनाओं की दी सौगात। बोले-भाजपा सरकार घोषणा करने वाली सरकार नहीं है, बल्कि वही घोषणा करेंगे, जिस कार्य को पूरा कर सकें। कहा कि सरकार जनता के हित में काम कर रही है। अंतिम पायदान में खड़े व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

Update: 2023-09-16 15:50 GMT

पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा- 2024 लोकसभा चुनाव में क्षेत्रीय दलों को हार का सामना करना पड़ेगा: Photo-Newstrack

Chitrakoot News: प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने भगवान राम की तपोभूमि धर्मनगरी चित्रकूट को 73.67 करोड की लागत की 54 परियोजनाओं की सौगातें दीं। जिनमें कई पुलों समेत करीब चार दर्जन सडकें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोडों की कनेक्टिविटी बढ़ी है। एयरपोर्टों का भी संचालन बढ़ा है। जल्द ही चित्रकूट में भी इसकी सुविधा मिलने वाली है।

हार-जीत होती रहती है

शनिवार को मानिकपुर विधानसभा क्षेत्र के पाठा में बीहड़ के करौंहा गांव पहुंचे पीडब्लूडी मंत्री ने अभी हाल ही में घोसी उपचुनाव में पार्टी को मिली हार पर कहा कि हार-जीत होती रहती है। लेकिन आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में क्षेत्रीय दलों का पूरी तरह से सूपड़ा साफ होगा। केन्द्र में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में सरकार बनेगी। कहा कि भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। भाजपा सरकार घोषणा करने वाली सरकार नहीं है, बल्कि वही घोषणा करेंगे, जिस कार्य को पूरा कर सकें। कहा कि सरकार जनता के हित में काम कर रही है। अंतिम पायदान में खड़े व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से प्रदेश में विकास का बहुमुखी कार्य प्रारंभ हुआ है। इस सरकार में प्रदेश में रोडों की कनेक्टिविटी बढ़ी है। मुख्यमंत्री का जनपद चित्रकूट में विशेष फोकस रहता है। यहां पर्यटन के क्षेत्र में विशेष संभावनाएं हैं। जिस पर मुख्यमंत्री कार्य कर रहे हैं। इसके पहले पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कार्यक्रम स्थल में दो पुल व 39 मार्गों का लोकार्पण एवं एक पुल व 12 मार्गों का शिलान्यास किया।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखने की हिदायत

पीडब्लूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने धर्मनगरी आगमन पर पाठा क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों समेत एमपी तक कनेक्टिविटी रखने वाले धारकुंडी आश्रम के मुख्य मार्ग में बरदहा नदी पर पुल निर्माण की सौगात दी। बरसात के समय बरदहा नदी के उफनाने पर एक दर्जन गांवों का सपंर्क टूट जाता रहा है। उन्होंने सौगात देने के साथ ही विभागीय अधिकारियों को सचेत किया कि निर्माण कार्यो में गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। इसके साथ ही समय सीमा के भीतर कार्य पूरा होना चाहिए।

शनिवार को प्राथमिक विद्यालय हल्दीडांडी में पीडब्लूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने सेतु निगम व पीडब्लूडी के कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया। कहा कि वह लोग प्रदेश के बॉर्डर में रहते हैं, फिर भी प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के हृदय में वास करते हैं। अगले वर्ष 2024 में चुनाव होने हैं, उस वक्त जिस तरह विदेशी चिड़िया आती हैं और उसके बाद गायब हो जाती हैं। ठीक उसी तरह न जाने कितने आएंगे और फिर गायब हो जाएंगे। लेकिन भाजपा सबसे जुड़ी रही है। कहा कि जितने भी कार्य होंगे, सभी समय सीमा के भीतर कराए जाएंगे।

उन्होंने मंच से मानिकपुर-गिदुरहा व हल्दी डांडी-धारकुंडी संपर्क मार्ग में पुल का निर्माण फरवरी माह तक पूरा करने के लिए सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने बोडी पोखरी सरैयां मार्ग को चैड़ा करने के साथ ही पुलों व पुलियों को दुरुस्त करने के लिए भी निर्देशित किया। मंच से ही उन्होंने परियोजनाओं का रिमोट दबाकर शिलान्यास व लोकार्पण किया। इस दौरान सांसद आरके सिंह पटेल, मानिकपुर विधायक अविनाशचंद्र द्विवेदी, पिंटू द्विवेदी, अमित द्विवेदी, राजीव त्रिपाठी, ब्लाक प्रमुख अरविंद मिश्र, जिपं अध्यक्ष अशोक जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी, विधायक प्रतिनिधि विनोद द्विवेदी सहित पाठा क्षेत्र के प्रधान व ग्रामीण मौजूद रहे।


धारकुंडी आश्रम में की पूजा, आरोग्यधाम में रात्रि विश्राम

कार्यक्रम के बाद पीडब्लूडी मंत्री अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ प्रसिद्ध धारकुंडी आश्रम पहुंचे। यहां पर उन्होंने विधि विधान से पूजा-अर्चन कर आरती किया। इसके बाद आश्रम में भ्रमण कर अलौकिक सौन्दर्य को देखा। यहां से सीधे वह चित्रकूट स्थित आरोग्यधाम पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रऋषि नाना जी देशमुख की प्रतिमा में पुष्पार्चन कर नमन किया। इसके बाद वह आरोग्यधाम में ठहरे। रविवार को सुबह वह भगवान कामदनाथ के दर्शन कर परिक्रमा भी लगाएंगे।

जगह-जगह पीडब्लूडी मंत्री का हुआ भव्य स्वागत

भगवान राम की तपोभूमि धर्मनगरी चित्रकूट में पहली बार पीडब्लूडी मंत्री जितिन प्रसाद का आगमन हुआ। उनका जिले की सीमा राजापुर से लेकर कार्यक्रम स्थल करौंहा एवं इसके बाद आरोग्यधाम तक जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ ही आम लोगों ने पुष्प वर्षा किया। उम्मीदें जताई कि धर्मनगरी की सड़कों के विकास में अब तेजी आएगी। मंत्री ने लोगों को भरोसा दिया कि सरकार उनके हितों के लिए काम कर रही है। दस्यु प्रभावित क्षेत्र रहे पाठा इलाके में सडकों की कनेक्टविटी पर तेजी आएगी।

तुलसीदास की पूजा कर किया माल्यार्पण

पीडब्लूडी मंडी का कौशांबी के रास्ते तुलसी आगमन होते ही सांसद आरके सिंह पटेल, मऊ मानिकपुर विधायक अविनाशचंद्र द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, जिलाध्यक्ष भाजपा लवकुश चतुर्वेदी, नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव मिश्रा आदि ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास की प्रतिमा में पूजा-अर्चना कर माल्यार्पण किया। रैपुरा बाई पास तिराहे में नुक्कड़ सभा में कहा कि मानिकपुर का पाठा इलाका अति पिछड़ा हुआ हैं। उसे विकसित करने के लिए सरकार अनेकों कल्याणकारी योजनाएं लागू कर उनको स्वास्थ्य, शिक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत आदि मूलभूत सुविधाएं प्रदान कर रही है।

Tags:    

Similar News