Chitrakoot News: घर के बाहर तड़के बेहोशी की हालत में मिली किशोरी, मचा हडकंप

Chitrakoot News: किशोरी ने बताया कि रात करीब 2:30 बजे कुछ लोगों ने आकर उसके मुंह में रूमाल डाल कर उसे बेहोश कर दिया। पुलिस ने इसी आधार पर मुकदमा दर्ज किया है।

Update: 2024-07-20 14:40 GMT

Chitrakoot News (Pic: Social Media)

Chitrakoot News: मानिकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में घर के बाहर शनिवार को तड़के बेहोशी की हालत में 15 वर्षीया दलित किशोरी को परिजनों ने पाया है। जिसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया है। होश में आने के बाद किशोरी ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर एक महिला व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। किशोरी का पुलिस मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

घर के बाहर बेहोश मिली किशोरी

किशोरी के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह सभी लोग रात में सो रहे थे। शनिवार को तड़के करीब 3:30 बजे जब उसकी नींद खुली तो देखा बेटी घर पर नहीं थी। जब उसने खोजबीन शुरू की तो घर से कुछ दूरी पर नीम के पेड़ के नीचे बेहोशी की हालत में बेटी को पड़ा पाया। उसके मुंह में मिट्टी और कागज के टुकड़े ठूंसे हुए थे। उसने आनन-फानन में निजी वाहन के जरिए बेटी को ले जाकर जिला अस्पताल में दाखिल कराया। इलाज के बाद बेटी को जब बेटी को होश आया तो उसने उसके साथ हुई घटना के बारे में बताया।

अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

किशोरी ने बताया कि रात करीब 2:30 बजे कुछ लोगों ने आकर दरवाजा खटखटाया था। उसने जाकर जब दरवाजा खोला तो पहले कोई नजर नहीं आया। लेकिन एक पल में ही दो युवक और एक महिला सामने आ गए। इन सभी ने उसके मुंह पर रुमाल डालकर बेहोश कर दिया। इसके बाद आगे उसके साथ क्या हुआ, उसे कुछ जानकारी नहीं है। किशोरी पड़ोसी गांव में कक्षा 10 की छात्रा है। उसका कहना है कि स्कूल आते-जाते कुछ लड़के उसे परेशान करते रहे है। विरोध करने पर उन लड़कों ने धमकाया था। थाने के अपराध निरीक्षक प्रभुनाथ यादव का कहना है कि अस्पताल में किशोरी के बयान लिए गए है। पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात एक महिला व दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।   

Tags:    

Similar News