Lucknow News: नकुल दुबे ने की नगर निकाय चुनाव पर बैठक, बोले जनता ने बीजेपी को हटाने का बना लिया है मन

Lucknow News: नगर निकाय चुनाव से पहले योगी सरकार को घेरने के लिए यूपी कांग्रेस रणनीतियां बनाने में लग गई है। नकुल दुबे ने नगर निकाय चुनाव को लेकर बैठक की।

Update: 2022-10-28 13:53 GMT

यूपी कांग्रेस प्रांतीय अध्यक्ष नकुल दुबे 

Lucknow News: नगर निकाय चुनाव से पहले योगी सरकार को घेरने के लिए यूपी कांग्रेस रणनीतियां बनाने में लग गई है। शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय पर प्रांतीय अध्यक्ष नकुल दुबे ने पार्टी पदाधिकारी के साथ बैठक कर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की और दिशा निर्देश पदाधिकारियों को दिए। बैठक के बाद नकुल दुबे ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि योगी और मोदी सरकार का महिमामंडन हो रहा है, जबकि हालात उसके विपरीत चल रहे हैं। अपराध के मामलों में चाहे हत्या या फिर बलात्कार के मामले हो, उसमें बेतहाशा वृद्धि हुई है। स्वास्थ्य, बेरोजगारी, महंगाई हर तरफ जनता त्राहि-त्राहि कर रही है।

अस्पतालों में लम्बी-लम्बी लाइन लगी हैं, डेंगू के मामले में सरकारी अस्पताल इलाज दे पाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। प्लेटलेट्स की व्यवस्था कराने में अस्पताल असक्षम हैं, सरकारी अमला असहाय महसूस कर रहा है। ईमानदार कर्मचारियों का अभाव है। फागिंग अगर डेंगू ग्रस्त क्षेत्र आलमबाग व फैजुल्लागंज में कराना है तो सरकार नदी के किनारे फागिंग कराने की बात कर रही है। जनता के साथ एक गजब मजाक चल रहा है पर जनता सब समझ रही है। बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, के मामले में उत्तर प्रदेश की पार्ट- 2 योगी सरकार को जनता ने फेल मान लिया है और आने वाले हर चुनाव में चाहे व निकाय चुनाव हो या लोकसभा का चुनाव, उत्तर प्रदेश में काबिज भारतीय जनता पार्टी की सरकार को हटाने का मन बना लिया है।          

उन्होंने कहा कि आज देश में सच बनाम झूठ की लड़ाई चल रही है। सच अगर सुनना हो, देखना हो तो राहुल गांधी की ''भारत जोड़ो यात्रा में देखा एवं सुना जा सकता है। जहां देश की पीडित जनता, किसानों, मछुआरों, बेरोजगारों, आदिवासियों, की पीड़ा को सुना जा रहा है और भविष्य में उन्हें दूर करने का आश्वासन दिया जा रहा है। अगर झूठ, फरेब, चार सौ बीसी देखना है तो भारतीय जनता पार्टी के किसी कार्यक्रम में देखा जा सकती है, जहां पर हजारों करोड़ों की बातें होती हैं। मगर धरातल पर सिर्फ पांच किलो राशन के माध्यम से देश को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। देश को विश्व गुरू बनाने का सपना दिखाया गया मगर धरातल पर लगता है कि व्यक्ति जीवन पर्यन्त पांच किलो सरकारी राशन पर निर्भर रहने के लिए मजबूर रहेगा।  

नकुल दुबे ने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा अभी बेमौसम बारिश के बाद जनपद बहराइच के एक गांव में मैं गया जहां पूरी की पूरी धान की फसल बर्बाद हो गयी और फसल बीमा कंपनियों ने पानी  डूबी फसल का मुआवजा देने से मना कर दिया। सड़कों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ की सड़कों का हाल बहुत खराब है। दीपावली में मुफ्त सिलेण्डर की बात भी खोखली निकली। इस झूठ के आडंबर को हमें आपको मिलकर खत्म करना होगा। देश के अडानी अंबानीकरण को रोकना होगा और भारत का पुराना गौरव वापस दिलाना होगा।

उन्होंने कहा आईये हम सब मिलकर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से जुडे़। झूठ का पर्दाफाश करें सच के साथ चले और देश के वास्तविक विकास में अपना योगदान दें।

Tags:    

Similar News