Etah News: 24 साल के नौजवान की हत्या, पुलिस भर्ती की कर रहा था तैयारी

Etah News: एटा जनपद के थाना निधौली क्षेत्र में गांव नगला खिल्ली के समीप पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

Report :  Sunil Mishra
Update: 2023-02-21 12:08 GMT

एटा: 24 साल के नौजवान की गोली मारकर हत्या

Etah News: एटा जनपद के थाना निधौली क्षेत्र में गांव नगला खिल्ली के समीप पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में नहर के किनारे बरामद हुआ। हत्या के कारणों पर अभी रहस्य बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घर से टहलने निकला था युवक

मृतक के चाचा ने बताया कि बीती शाम को 6 बजे प्रदीप घर से निकला था, रात तक वापस नहीं आने पर घर वालों ने खोजबीन शुरू की। आज प्रातः उसका शव नगला खिल्ली के पास स्थित नहर के किनारे पड़ा मिला है। उसकी पीठ में गोली मारकर हत्या की गई है।

हालांकि इस घटना की वजह क्या हो सकती है, इस बारे में वो कुछ नहीं बता सके। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।जानकारी होने पर एसएसपी उदय शंकर सिंह सहित जिले के आला अधिकारी, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम घटनास्थल पहुंची और गहनता से जांच कर शीघ्र खुलासा करने की बात कही।

अपर पुलिस अधीक्षक क्राइम विनोद पाण्डेय ने बताया कि मृतक कल शाम घर से निकला था, आज नहर के पास मृत अवस्था में पड़ा मिला, उसकी पीठ पर गोली लगने का निशान है। अधिकारियों ने बताया कि प्रदीप की हत्या का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट व मामले की गहराई से छानबीन करने के बाद ही पता चल सकेगा।

परिवार में मचा हड़कंप

इस घटना को अंजाम क्यों दिया गया इस बारे में परिवार वाले कुछ बता नहीं पा रहे हैं। उनकी रो-रोकर हालत ख़राब हो गई है। पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे एक साधारण से युवक को गोली क्यों मार दी गई, ये बात पूरे इलाके में किसी के समझ नहीं आ रही है।  

Tags:    

Similar News