Pilibhit News: दस लाख के इनामी कुलवीर की तलाश, NIA ने चस्पा किया पोस्टर, पता बताओ इनाम पाओ

Pilibhit News:;

Update:2025-04-10 16:07 IST

Pilibhit News (Image From Social Media)

Pilibhit News: जनपद में कोविड 19 के समय पूरनपुर क्षेत्र में तीन साल का समय बिताने वाले आरोपी की एनआईए को तलाश है। कोतवाली पूरनपुर गेट के बाहर उसका पोस्टर चस्पा किया गया है। उसकी जानकारी देने वाले को दस लाख रुपए का नजद इनाम दिया जाएगा। दरअसल हरियाणा पुलिस ने वांछित आरोपी कुलवीर सिंह सिद्धू पर दस लाख रुपए इनाम घोषित किया है। कुलवीर सिंह निवासी खरवान, यमुनानगर थाना जगाधारी हरियाणा का रहने वाला है और लम्बे समय से वह फरार चल रहा है।

आपको बता दे कि कोविड 19 के समय कुलवीर सिंह पूरनपुर कोतवाली इलाके के गांव गजरौला जप्ती में भी लगभग दस महीने तक रहा था। उसके बाद फर्जी पासपोर्ट के जरिए वह ग्रीस चला गया।अब हरियाणा पुलिस को उसकी तलाश है।

सिद्धू पूरनपुर के हरदोई ब्रांच नहर पर बीते दिसंबर माह में मारे गए खालिस्तानी आंतकियों के संपर्क में भी रहा था।

आतंकी गतिविधियों में भी उसकी संलिप्तता होने से उसकी राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए भी तलाश कर रही है।

हरियाणा पुलिस ने कुलवीर पर दस लाख का इनाम घोषित किया है। कुलवीर का पता बताने वाले को दस लाख रुपए देने की घोषणा भी की गई है। कोतवाली पूरनपुर गेट पर चस्पा किए गए पोस्टर में एनआईए के कंट्रोल रुम का नंबर भी दिया है। आरोपी कुलवीर का पता बताने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

कुलबीर सिंह ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान चर्चा में आया था। उस समय उसके सम्बंध आतंकवादियों से मिले थे। थाना आसन्द के रिकार्ड के मुताबिक कुलबीर सिंह पर 1985 में टाडा के तहत पांच केस दर्ज हुए थे। टाडा एक्ट खत्म हो जाने के कारण उसे राहत मिल गई थी और केस से बरी हो गया था।

बरी होने के करीब डेढ़ दशक बाद कुलबीर सिंह ने शादी की थी। इस महिला की यह दूसरी शादी थी। इस महिला की पहले से एक बेटी थी, जिसकी शादी कुलबीर ने करवाई। बताया जाता है कुलबीर की खुद की बेटी नौवीं कक्षा में पढ़ रही है। अब एनआईए और पुलिस कुलबीर की जोर शोर से तलाश कर रही है।

Tags:    

Similar News