Crime News: अमेठी में बड़ी वारदात, चाचा भतीजे की गोली मारकर हत्या

आधा दर्जन बदमाशों ने बरसाई गोलियां, हत्या के पीछे पुरानी चुनावी रंजिश होने की बताई जा रही बात।

Update:2023-02-28 07:38 IST

Amethi news

Amethi News:  बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने चाचा और भतीजे के ऊपर ताबड़ तोड़ गोलियों से हमला कर दिया। जिससे दोनो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हत्या की वजह पुरानी चुनावी रंजिश बताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि इसके पहले भी प्राण घातक हमला हुआ था। मौके पर पुलिस अधीक्षक समेत कई थानों की फोर्स मौजूद है। पुलिस परिजनों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्यवाही और जांच में जुट गई है।

जिले के मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र अंतर्गत भद्दौर निवासी सुरेश यादव अपने भतीजे बृजेश यादव के साथ बीती रात बेलोरो गाड़ी अपने घर जा रहे थे। अचानक बाइक सवार बदमाशों ने उनके वाहन को रोककर दोनों पर ताबड़तोड़ कई राउंड फायर किया।घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस परिजनों के साथ घायलों को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र मुसाफिर खाना ले गई। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक सुरेश यादव मुसाफिरखाना तहसील में संग्रह अमीन के पद पर कार्यरत थे। वहीं बृजेश ग्राम प्रधान का कार्य देखता था। घटना की वजह चुनावी रंजिश बताई जा रही है। वर्ष 2015 में भी मृतक जिले दार सुरेश यादव के ऊपर प्राण घातक हमला हुआ था। तब से मृतक प्रशासन से शस्त्र लाइसेंस और सुरक्षा गार्ड की मांग कर रहे थे। बावजूद प्रशासन द्वारा सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

मृतक बृजेश यादव के भाई ने बताया कि हमारे भाई बृजेश और चाचा सुरेश यादव को कुछ लोग मार दिए हैं। घटना के दौरान हम साथ में थे। इसके पहले भी इनके ऊपर जलालुद्दीन ने हमला किए थे। इनके बाएं हाथ में गोली लगी थी। हम लोग सुरक्षा की मांग किए थे। तत्कालीन सीओ और कोतवाल के साइन भी हैं, लेकिन आज तक सुरक्षा नहीं मिली। हमारा विवाद पुरानी रंजिश चुनाव का था, लेकिन हमने कई बार प्रशासन को बताया था। हमारी कहीं सुनवाई नहीं हुई हम चाहते हैं। हमें दो शस्त्र की व्यवस्था और गनर की व्यवस्था दी जाय। हम कातिलों को पहचानते हैं। लगभग 5 लोग को हम जानते हैं 2 लोग को नहीं पहचानते हैं।

परिजन की तरफ से 5 से 6 लोगो को किया नामजद 

पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी ने बताया कि सोमवार करीब रात 9 बजे थाना मुसाफिर खाना थाना क्षेत्र के दादरा गांव के पास पुलिस को गोली लगने की सूचना मिली थी। इसमें तुरन्त पुलिस मौके पर पहुंच करके पता किया तो पता चला कि भददौर गांव के दो लोगों को गोली लगी थी। दोनों घायलों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल भेजवाया। जहाँ डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया है। अभी परिवार के द्वारा तहरीर प्राप्त किया गया। एफआईआर दर्ज किया जा रहा है। और डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। मृतक के परिजन की तरफ से 5 से 6 लोगो को नामजद किया गया है। आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। परिवार और अन्य लोगो का कहना है कि ये पुरानी चुनावी रंजिश के चलते हत्या हुई है।

Tags:    

Similar News