सुकून से नैचरल ब्यूटी को निहारने का है मन तो जरुर जाएं दमन और दीव

Update:2018-07-24 13:13 IST

लखनऊ: अगर आप भी घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं और ऐसी नैचरल ब्यूटी, सुकून और शांति के साथ कुछ एडवेंचर वाली जगहों को देख रहे हैं तो ये खबर आपके लिए ही है क्योंकि आज हम आपको दमन और दीव की कुछ फेमस जगहों के बारे में बताने वाले हैं, जहां जाने पर आपको शांत माहौल तो मिलेगा ही साथ में आप नैचरल ब्यूटी का मजा भी ले पाएंगे।

दमनगंगा नदी

दमनगंगा नदी 72 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल वाले इस केंद्र शासित प्रदेश को दो भागों, नानी दमन (छोटा दमन) और मोटी दमन (बड़ा दमन) में बांटती है। होटल और रेस्‍टोरेंट नानी दमन में स्थित हैं जबकि प्रशासनिक भवन और चर्च बड़े दमन यानी मोती दमन में स्थित है। मोती दमन में दमनगंगा टूरिस्‍ट काम्‍पलेक्‍स भी हैं। इस काम्‍पलेक्‍स में कैफे, कॉटेज तथा झरने भी हैं।

मोटी दमन

मोती दमन में कई चर्च स्थित है। यहां का सबसे प्रसिद्ध चर्च कैथेडरल बोल जेसू है। इसका निर्माण 1603 ई. में हुआ था। इस कैथेडरल में लकड़ी की बहुत सुंदर कारीगरी की गई है। इस चर्च की दीवारों पर की गई चित्रकारी भी काफी आकर्षक है। इन चित्रों में ईसा मसीह को चित्रित किया गया है। इसी के पास सत्‍य सागर उद्यान भी है। इस उद्यान में शाम के समय घूमने का एक अलग ही मजा है। इस उद्यान में रेस्‍टोरेंट तथा बार की व्‍यवस्‍था भी है।

नानी दमन

संत जेरोम किला नानी दमन में 1614 ई. से 1627 ई. के बीच बना था। इस किले का निर्माण मुगल आक्रमणों से सुरक्षा के लिए किया गया था। इस किले में तीन बुर्ज हैं। इस किले सामने नदी बहती है। इस किले में इसके संरक्षक संत की मूर्त्ति स्‍थापित है। इस समय इस किले में एक कब्रिस्‍तान तथा एक स्‍कूल है।

देविका बीच

यह बीच दमन से 5 किलोमीटर उत्तर में स्थित है। इस बीच के पास पर्यटकों की सुविधा के लिए रेस्‍टोरेंट, बार तथा होटल की व्‍यवस्‍था है। इस बीच में स्‍नान नहीं करना चाहिए क्‍योंकि इस बीच में पानी के अंदर पत्‍थर है। यहां पर दो पुर्तगाली चर्च भी हैं।

जैमपोरे बीच

यह बीच नानी दमन के दक्षिण में स्थित है। यह एक प्रसिद्ध पिकनिक स्‍पॉट है। यहां से समुद्र का नजारा बहुत सुंदर दिखता है।

दक्षिण भारतीय भोजन के लिए है प्रसिद्ध

यहां के सभी होटलों में आमतौर पर रेस्‍टोरेंट हैं। किदादे दमन होटल में रेस्‍टोरेंट भी है। इस रेस्‍टोरेंट में केकड़ा तथा झींगा मछली का लजीज व्‍यंजन परोसा जाता है। यहां के सेफ का कहना है कि आप जिस तरह का भोजन मांगें आपको यहां मिल जाएगा। सैंडी रिजॉर्ट में भी खाने पीने की अच्‍छी व्‍यवस्‍था है। होटल मिरामर्स सी फूड तथा दक्षिण भारतीय भोजन के लिए प्रसिद्ध है। जजीरा उदय रेस्‍टोरेंट भी सी फूड के लिए प्रसिद्ध है।

Tags:    

Similar News