ECI Notice Akhilesh Yadav : चुनाव आयोग ने अखिलेश को भेजा नोटिस, यादव-मुस्लिम वोटरों का नाम काटने का मांगा सबूत
सपा प्रमुख ने आरोप लगाए थे कि, 2022 के चुनाव में सभी विधानसभाओं में यादव और मुस्लिम समुदाय के करीब 20 हजार मतदाताओं के नाम काटे गए थे। आयोग ने इसी पर सपा सुप्रीमो से जवाब मांगा है।;
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Pic: Social Media)
ECI Notice Akhilesh Yadav : चुनाव आयोग ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान का संज्ञान लेते हुए उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। आयोग ने अखिलेश यादव को 10 नवंबर तक जो आरोप लगाए हैं, उसके सभी सबूत पेश करने को कहा है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाए थे कि, 2022 के चुनाव में सभी विधानसभाओं में यादव और मुस्लिम समुदाय के करीब 20 हजार मतदाताओं के नाम काटे गए थे। जिससे उनकी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। अब उनके इसी बयान पर चुनाव आयोग ने उनसे सबूतों के साथ जवाब मांगा है।
29 सितंबर 2022 को दिया था बयान
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा था कि "हमें उम्मीद थी कि न्याय मिलेगा, लेकिन इलेक्शन कमिशन ने बीजेपी के इशारे पर और उसके पन्ना प्रभारियों के इशारे पर, जानबूझकर हमारे यादव और मुसलमान भाईयों के वोट हटा रहा है। कोई विधानसभा ऐसी नहीं है, जिसमें यादव और मुसलमान भाईयों के 20 हजार वोट नहीं काट दिए गए हों. मैं कई बार कह चुका हूं और फिर कह रहा हूं। वे जांच करके देख लें तो पता चल जाएगा, कई जगहों से 20-20 हजार वोट हटा दिए गए हैं। कई वोटरों के नाम काट दिए और कई वोटरों को दूसरे बूथ पर पहुंचा दिया।"
2022 के चुनाव में सपा गठबंधन को मिली थी 125 सीटें
बता दें यूपी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी गठबंधन को 403 में से 125 सीटों पर जीत मिली थी। इनमें सपा के 111 विधायक जीते हैं। बाकी राष्ट्रीय लोकदल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के सदस्य हैं। चुनाव नतीजों के बाद अखिलेश यादव ने आरोप लगाए थे कि मतदाता सूची में गड़बड़ी करके यह चुनाव जीता है। उनके वोटरों का बड़े पैमाने पर नाम काटा गया था। अब अखिलेश यादव इसके सबूत चुनाव आयोग के सामने पेश करने होंगे।