Bulandshahr News: आगे तेज बाइक पर भागता बदमाश, पीछे 3 थानों की पुलिस, जानिए क्या था पूरा मामला

Bulandshahr News: बुलंदशहर में शातिर लुटेरे से 3 थानों की पुलिस की मुठभेड़ हुई। जिसमें पैर में गोली लगने से हापुड़ का शातिर लुटेरा शकील घायल हो गया। पुलिस ने लूट का माल खरीदने वाले सुनार दानिश को भी गिरफ्तार किया है।

Update: 2023-04-05 21:25 GMT
Bulandshahr Police (Pic: Social Media)

Bulandshahr News: पश्चिमी यूपी में राह चलती और खेतों पर काम करने वाली महिलाओं के आभूषण लूटने वाला शातिर लुटेरा बुलंदशहर में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। बुलंदशहर में शातिर लुटेरे से 3 थानों की पुलिस की मुठभेड़ हुई। जिसमें पैर में गोली लगने से हापुड़ का शातिर लुटेरा शकील घायल हो गया। पुलिस ने लूट का माल खरीदने वाले सुनार दानिश को भी गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि जनपद मे वांछित अपराधियों के खिलाफ धरपकड़ अभियान चल रहा है। इसी क्रम में बुधवार को थाना अगौता पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग हो रही थी। तभी वायरलेस पर थाना बीबीनगर पुलिस द्वारा एक संदिग्ध बाइक सवार का पीछा करने को सूचना प्रसारित हुई। अगौता एसएचओ जितेंद्र सिंह और औरंगाबाद के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश त्रिपाठी भी पुलिस टीम के साथ सक्रिय हो गए।

गोली लगने से घायल हुआ बदमाश

अगौता पुलिस ने भैसरोली पुलिया के पास एक बाइक तेजी से आती देखी, जिसका पीछा बीबीनगर पुलिस कर रही थी। रोकने का इशारा करने पर भी बाइक सवार नहीं रूका। वो ग्राम खेड़ी की तरफ बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा जिसका पीछा अगौता व बीबीनगर पुलिस द्वारा संयुक्त रुप से किया गया। तभी बदमाश द्वारा सामने से औरंगाबाद पुलिस को आता देखकर बाइक को कच्चे रास्ते की तरफ मोड़ने का प्रयास किया गया। इसी दौरान उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायल अवस्था में गिरफ्तार शातिर लुटेरे की पहचान शकील पुत्र कमरुद्दीन निवासी लुहारी थाना बहादुरगढ़ जनपद हापुड़ के रुप में हुई हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए सीएचसी अगौता में भर्ती कराया गया, लुटेरे के कब्जे से लूटे गये 3 जोड़ी कुंडल, अवैध असलहा, कारतूस व एक चोरी की बाइक बरामद हुई है।

चलते-चलते योजना बना करता था महिलाओं से लूट: एसपी

बुलंदशहर के एसपी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि शकील बुलंदशहर,मेरठ,हापुड़ और अमरोहा में राह चलती महिलाओं से और खेत में काम करने वाली महिलाओं से चलते-चलते लूट की योजना बना वारदात को अंजाम दे डालता था। गिरफ्तार लुटेरे ने बुलंदशहर जनपद में 5 लूट की घटनाओं को अंजाम देने का जुर्म कबूल किया है। लुटेरे शकील के खिलाफ 7 मामले दर्ज बताए जाते हैं। पुलिस अभी गिरफ्तार शातिर लुटेरे का आपराधिक खाका खंगालने में जुटी है।

Tags:    

Similar News