Samajwadi Party: भाजपा सरकार में किसान परेसान, आवारा पशुओं ने ली कई लोगों की जान- अखिलेश यादव

Samajwadi Party: अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान बेहाल है। आवारा और छुट्टा पशु किसानों की फसलों को रौंद रहे हैं। सांड़ो के हमलों में लगातार किसानों और आम लोगों की जानें जा रही है।

Written By :  Anant kumar shukla
Update: 2023-01-03 12:41 GMT

Farmers are upset in the BJP government stray animals have killed many people Akhilesh Yadav (Social Media)

Samajwadi Party: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान बेहाल है। आवारा और छुट्टा पशु किसानों की फसलों को रौंद रहे हैं। सांड़ो के हमलों में लगातार किसानों और आम लोगों की जानें जा रही है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार के 6 साल में कई दर्जन किसान और आम लोग आवारा पशुओं के हमले में अपनी जान गवां चुके हैं। पूरे राज्य में छुट्टा जानवरों का आतंक है।

उन्होने कहा कि बीते शनिवार को संभल के रजपुरा तहसील के शाहजहानबाद गांव के किसान की सांड के हमले में मौत हो गयी। किसान खेत में फसल की रखवाली करने गया था। इसी तरह से चंदौली में 31 दिसम्बर को उत्पाती सांड के हमले में घायल किसान की इलाज के दौरान मौत हो गयी। मेरठ में सांड़ के हमले में चारा लेने गयी महिला घायल हो गयी। अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। मेरठ में ही शनिवार को रोहटा अरमावली गांव के पास सांड़ के हमले में बैंक कर्मी की मौत हो गयी। प्रदेश में आवारा जानवरों की विकराल होती समस्या के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। पर अभी तक आवारा पशुओं के हमलों में मृतकों के आश्रितों को कोई मुआवजा नहीं दिया गया है।

सपा का 8 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल प्रयागराज में करेगा महापंचायत

समाजवादी पार्टी का 8 सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल दिनांक 12 जनवरी, 2023 दिन गुरूवार को जनपद इलाहाबाद जायेगा। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ भवन पर अजय यादव 'सम्राट' द्वारा (युवा दिवस) पर छात्र महापंचायत का आयोजन किया जाएगा।

प्रतिनिधि मण्डल में धर्मेन्द्र यादव पूर्व सांसद, ओम प्रकाश सिंह विधायक, डॉ आरके वर्मा विधायक, अतुल प्रधान विधायक, संदीप पटेल विधायक, राम आसरे विश्वकर्मा पूर्व मंत्री, योगेश चन्द्र यादव जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी एवं सैय्यद इफ्तेखार हुसैन महानगर अध्यक्ष समाजवादी पार्टी शामिल होंगे।

सपा उठाएगी रोहित पासी का मुद्दा

समाजवादी पार्टी का 7 सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल दिनांक 07 जनवरी 2023 को जनपद रायबरेली जायेगा। सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि जनपद रायबरेली के ग्राम दोहरी थाना डीह निवासी रोहित पासी पुत्र नकछेद द्वारा प्राथमिक विद्यालय खेतौंधन के प्रधानाध्यापक से काम के रूपये मांगने पर हुए वाद विवाद में इनके खिलाफ प्रधानाध्यापक द्वारा एफआईआर दर्ज करा दी गई। उसके बाद पुलिस कर्मियों द्वारा थाने में रोहित पासी को प्रताड़ित किया गया। जिसकी जानकारी एवं जांच हेतु प्रतिनिधि मण्डल ग्राम दोहरी जनपद रायबरेली पहुंचेगा।

प्रतिनिधि मण्डल में डा. मनोज पाण्डेय विधायक/मुख्य सचेतक विधान सभा, आरके चौधरी पूर्व मंत्री, देवेन्द प्रताप सिंह विधायक, श्याम सुन्दर भारती विधायक, राहुल लोधी विधायक, वीरेन्द्र यादव जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी रायबरेली एवं जागेश्वर यादव विधान सभा अध्यक्ष सलोन,रायबरेली शामिल होंगे।

Tags:    

Similar News