Firozabad News: फिरोजाबाद में मोबाइल लुटेरों से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश घायल, दूसरा गिरफ्तार
Firozabad News: फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में मोबाइल लूटकर भाग रहे दो बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हुआ, जबकि दूसरे को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से लूटे गए मोबाइल, नकदी और अवैध हथियार बरामद हुए।
Firozabad News
Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में राह चलते लोगों से मोबाइल फोन लूटने वाले दो बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका दूसरा साथी भागने की कोशिश के दौरान पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। दोनों आरोपी मैनपुरी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना शिकोहाबाद थाना क्षेत्र स्थित पुरातन स्कूल के पास की है। पुलिस नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों बदमाश घबरा गए और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें कनई नामक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वहीं उसका साथी मनीष मौके से भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने दोनों बदमाशों के कब्जे से लूट के पांच मोबाइल फोन, सात हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा वारदात में इस्तेमाल की गई एक बाइक बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे किन-किन अन्य घटनाओं में शामिल रहे हैं।शिकोहाबाद के क्षेत्राधिकारी (सीओ) शेखर सेंगर ने बताया कि मोबाइल छीनकर भाग रहे बदमाशों की घेराबंदी के दौरान उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों से बरामद मोबाइल, नकदी, अवैध हथियार और अन्य सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।