Monsoon Alert: मानसून से पहले प्रदेश में बनीं बाढ़ चौकियां, प्रशासन के साथ स्वास्थ विभाग अलर्ट

UP Flood Arrangements: उत्तर प्रदेश में बाढ़ प्रभावित जिलों के लिए तैयारियां पूरी हो गई है। प्रशासन और स्वास्थ विभाग की टीम भी तय कर दी गई है।

Update: 2023-06-11 13:02 GMT
File Image: Social Media

UP Flood News: मानसून आने से पहले ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा। बारिश के बाद अलग-अलग क्षेत्रों में बाढ़ व जलभराव के कारण मच्छरों और बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। विभाग ने मानसून से पहले बाढ प्रभावित जिलों में राहत चौकियां एक्टिव कर दवाओं के इंतजाम के साथ ही डाक्टर व स्टाफ की रोस्टरवार ड्यूटी लगा दी है। पीड़ितों को मदद पहुंचाने के लिए प्रशासन ने भी योजनाएं तय कर ली हैं।

प्रदेश में बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, गोण्डा, बहराइच, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, आजमगढ़, महराजगंज, बरेली, बस्ती, संतकबीर नगर, अयोध्या, मऊ, कुशीनगर, बलिया, अम्बेडकर नगर, पीलीभीत, देवरिया तथा शाहजहांपुर शामिल हैं। इसके साथ मध्यांचल के जिलों में भी रिहायसी इलाकों में पानी भर जाता है। शासन से निर्देश के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के आसपास बारिश के बाद बाढ़ या जलभराव वाले क्षेत्रों में बाढ़ चौकियां स्थापित कराने के साथ बाढ़ पीड़ितों के लिए पहले से इंतजाम कर लिए हैं। कई स्थानों में जलभराव के बीच आवागमन बंद होने के बाद लोगों को कई दिनों तक जहरीले कीड़ों के काटने का डर बना रहता है।

गंगा और यमुना किनारे के गांवों में बारिश से पहले ही लोगों में डर समा जाता है। मलेरिया, डेंगू की रोकथाम के लिए मच्छरों का प्रकोप थामने के साथ ही संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। महकमे ने अबकी बार प्रभावित जिलों में 700 से अधिक बाढ़ चौकियां सक्रिय कर डाक्टर व स्टाफ की इतनी ही टीमें गठित कर दवाओं के इंतजाम के साथ रोस्टरवार ड्यूटी लगाई है।

रैपिड रिस्पांस की तीन टीमें करेंगी निगरानी

बाढ़ चौकी और संक्रामक बीमारियां फैलने पर रैपिड रिस्पांस टीमें निगरानी करेंगी। इसके लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। पहली टीम सुबह आठ से दोपहर दो बजे, दूसरी टीम दोपहर दो से रात आठ और तीसरी टीम रात आठ से सुबह आठ बजे तक निगरानी करेगी। बाढ़ पीड़ितों के लिए हेल्पालाइन 05262-230125, 9455568878, 0542-2314000 और 8299625346 नंबर जारी किए गए हैं।

संक्रामक रोग प्रभारी डा. आफाक अहमद बाढ़ राहत चौकियों में मरीजों को डेंगू, मलेरिया की जांच के साथ ही दवाओं की भी सहूलियत मिलेगी। इसके अलावा बुखार, खांसी डायरिया, एलर्जी, उल्टी-दस्त सहित दूसरी बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

Tags:    

Similar News